ट्रंप ने राज शाह को बनाया अपना उप सहायक
गुजरात के मूल निवासी माता-पिता की संतान राज शाह अभी 30 साल के हैं और ट्रंप ने उन्हें अपना उप सहायक बनाया है।
वाशिंगटन, प्रेट्र। नव निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय मूल के अमेरिकी युवा राज शाह को अपनी टीम का महत्वपूर्ण सदस्य बनाया है। गुजरात के मूल निवासी माता-पिता की संतान राज शाह अभी 30 साल के हैं और ट्रंप ने उन्हें अपना उप सहायक बनाया है।
साथ ही कम्युनिकेशन व रिसर्च डायरेक्टर पद की जिम्मेदारी भी दी है। राष्ट्रपति चुनाव में हिलेरी क्लिंटन के खिलाफ ट्रंप के अभियान में राज ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। प्रचार में जो भी बातें क्लिंटन के खिलाफ आई थीं, उनमें ज्यादातर राज शाह की देन थीं। इस समय वह रिपब्लिकन पार्टी की नेशनल कमेटी के लिए विपक्ष पर शोध करने वाली शाखा के प्रमुख हैं।
व्हाइट हाउस के चीफ ऑफ स्टाफ घोषित हो चुके रींस प्रीबस के अनुसार यही युवा राष्ट्रपति के रूप में डोनाल्ड ट्रंप की बदलाव की मुहिम के प्रमुख सूत्रधार होंगे। राज का जन्म अमेरिका के कनेक्टिकट में हुआ है और वह वहीं पर पले-बढ़े हैं।