भारत दुनिया का छठा आतंकवाद प्रभावित देश : सर्वे
भारत पिछले साल आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित रहे दुनिया के शीर्ष दस देशों की सूची में शामिल है। वाशिंगटन स्थित इंस्टीटयूट ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पीस द्वारा जारी ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2015 की रिपोर्ट के मुताबिक, 2014 में आतंकवाद से प्रभावित 162 देशों की सूची में भारत...
न्यूयार्क। भारत पिछले साल आतंकवाद से सबसे ज्यादा प्रभावित रहे दुनिया के शीर्ष दस देशों की सूची में शामिल है। वाशिंगटन स्थित इंस्टीटयूट ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पीस द्वारा जारी ग्लोबल टेररिज्म इंडेक्स 2015 की रिपोर्ट के मुताबिक, 2014 में आतंकवाद से प्रभावित 162 देशों की सूची में भारत का छठा स्थान है। इसमें बताया गया कि पिछले साल दुनिया भर में आतंकी हमलों में मारे जाने वाले पचास फीसद से ज्यादा लोगों की हत्या के लिए आइएस और बोको हराम संयुक्त तौर पर जिम्मेदार थे।
162 देशों की इस सूची में पाकिस्तान चौथे और अमेरिका 35वें स्थान पर है।
भारत में पिछले साल आतंकवाद से मरने वालों की तादाद में 1.2 फीसद की वृद्धि हुई। देश भर में 2014 में कुल 416 लोग आतंकवाद का शिकार बने। 2010 के बाद आतंकवादी वारदातों में मारे जाने वालों की यह सबसे ज्यादा संख्या है।
भारत में पिछले साल दो सबसे खतरनाक आतंकी समूह लश्कर ए तैयबा और हिज्बुल मुजाहिदीन थे। कुल मारे गए लोगों में से 24 की मौत के लिए लश्कर और 11 की मौत के लिए हिज्बुल जिम्मेदार था। हिज्बुल ने 2013 में तीस लोगों की मौत की जिम्मेदारी ली थी। 2013 में यह अकेला आतंकी संगठन था, जिसने आत्मघाती हमलों की रणनीति का इस्तेमाल किया था। पिछले साल भारत में किसी संगठन ने आत्मघाती हमले नहीं किए।
रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले साल दुनिया भर में आतंकवाद से मरने वालों की तादाद में 80 फीसद की वृद्धि हुई। यह संख्या 2013 में आतंकवाद से मारे जाने वाले 18,111 की तुलना में 32,658 तक पहुंच गई।