भारत ने खरीदा लंदन में अंबेडकर का घर
भारत ने पिछले कई महीनों की अनिश्चितता खत्म करते हुए गुरुवार को देश के संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर के लंदन स्थित तीन मंजिला मकान का मालिकाना हक हासिल कर लिया है।
लंदन। भारत ने पिछले कई महीनों की अनिश्चितता खत्म करते हुए गुरुवार को देश के संविधान निर्माता डॉ.भीमराव अंबेडकर के लंदन स्थित तीन मंजिला मकान का मालिकाना हक हासिल कर लिया है। अब इस ऐतिहासिक इमारत को एक अंतरराष्ट्रीय स्मारक बनाया जाएगा। अंबेडकर 1920 के दशक में अपने छात्र जीवन में यहां रहा करते थे।
ब्रिटेन में बौद्ध संगठन और अंबेडकर संघ के अध्यक्ष संतोष दास ने बताया कि महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री राजकुमार बडोले ने लंदन के उत्तर पश्चिम में 10 किंग्स हेनरी रोड पर स्थित 2,050 वर्ग फीट में फैले मकान का करार हासिल कर लिया है। इससे पूर्व राज्य सरकार ने घोषणा की थी कि 31 करोड़ रुपये की संपत्ति को वह खरीद लेगी। हालांकि यह ऐतिहासिक घर कितने में खरीदा गया फिलहाल इसका खुलासा नहीं किया गया है। उल्लेखनीय है कि 1921-22 में अंबेडकर लंदन स्कूल ऑफ इकनामिक्स में पढ़ाई के दौरान यहां रहते थे। दास ने बताया कि अब इस घर को एक शैक्षणिक और सांस्कृतिक केंद्र में बदल दिया जाएगा।