लोकप्रियता की दौड़ में लगातार आगे बढ़ रहे हैं ट्रंप, हिलेरी काफी पीछे
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव अपने दिलचस्प मोड़ पर पहुंच चुका है। हाल ही में जारी सर्वेक्षणों के मुताबिक लोकप्रियता की दौड़ में ट्रंप ने हिलेरी को काफी पीछे छोड़ दिया है।
वाशिंगटन (प्रेट्र)। अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव की दौड़ दिलचस्प होती जा रही है। संभावित रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कुछ सर्वेक्षणों में उम्मीदवारी की प्रबल डेमोक्रेटिक दावेदार हिलेरी क्लिंटन को पीछे छोड़ दिया है। कई सर्वेक्षणों में हिलेरी उनसे आगे चल रही हैं। सबसे दिलचस्प यह है कि डेमोक्रेटिक उम्मीदवार बनने की दौड़ में काफी पीछे चल रहे बर्नी सैंडर्स सबसे लोकप्रिय बनकर उभरे हैं।
ताजा राष्ट्रव्यापी सर्वेक्षण में पंजीकृत मतों के मामले में ट्रंप ने हिलेरी की दोहरे अंक की बढ़त को पीछे छोड़ दिया है। जानकारों के अनुसार रिपब्लिकन उम्मीदवारी की दौड़ से अन्य दावेदारों के हटने से यह तस्वीर बदली है। अब रिपब्लिकन मतदाता ट्रंप की ओर जाते दिख रहे हैं। रीयलक्लीयरपॉलिटिक्स डॉट कॉम के सर्वे में 69 वर्षीय रीयल एस्टेट कारोबारी ट्रंप को हिलेरी पर 0.2 प्रतिशत की बढ़त बताई गई है। इसके मुताबिक ट्रंप के पक्ष में 43.4 फीसद और 68 वर्षीय पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी के पक्ष में 43.2 फीसद पंजीकृत मतदाता हैं। कुछ सप्ताह पहले तक हिलेरी को ट्रंप पर दोहरे अंक की बढ़त हासिल थी।
हिलेरी किलंटन से जुड़ी सभी खबरों को पढ़ने के क्लिक करें
रीयलक्लीयरपॉलिटिक्स डॉट कॉम के अनुसार सैंडर्स के पास ट्रंप के खिलाफ औसतन 10.8 प्रतिशत की बढ़त है। रैस्मुस्सेन के सर्वे में ट्रंप को हिलेरी पर पांच और फॉक्स न्यूज के सर्वे में तीन फीसद की बढ़त दिखाई गई है। हालांकि एनबीसी न्यूज/वाल स्ट्रीट जर्नल के सर्वे में तीन और सीबीएस न्यूज/द न्यूयॉर्क टाइम्स के सर्वे में छह फीसद से हिलेरी को आगे बताया गया है।