मरुस्थलीय देशों यमन और सऊदी में बाढ़, 42 की मौत
सऊदी अरब और यमन में तेज तूफान के चलते आई बाढ़ की वजह से पिछले एक हफ्ते में 42 लोगों की जान चली गईं।
सना। मरुस्थलीय देशों सऊदी अरब और यमन में तेज तूफान के चलते आई बाढ़ की वजह से पिछले एक हफ्ते में 42 लोगों की जान चली गईं। उत्तरी यमन में 24 लोग मारे गए, जबकि सऊदी अरब में 18 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। सुरक्षा से जुड़े सूत्रों ने बताया कि यमन की राजधानी सना के उत्तर में अमरान प्रांत में दस लोगों की मौत हो गई जबकि कई लोग लापता हैं। सना के उत्तर पश्चिम में अमरान और हज्जाह में बाढ़ की वजह से कई घरों को नुकसान पहुंचा है और सड़कें कट गई हैं। यहां 14 लोगों की मौत हुई है। इनमें से कई भूस्खलन की वजह से मारे गए। सूत्रों के मुताबिक, हज्जाह के दक्षिण में स्थित अल माहवित प्रांत में बांध टूटने की वजह से कृषि भूमि जलमग्न हो गई और कई पुल ढह गए।
समाचार एजेंसी रायटर के मुताबिक, भारी बारिश और बाढ़ से सऊदी अरब में 18 लोगों की मौत हो गई। हालांकि 915 लोगों को उनके वाहनों में से सुरक्षित निकाल लिया गया। सऊदी नागरिक सुरक्षा के महानिदेशालय ने गुरुवार को एक बयान जारी कर बताया कि मरुस्थलीय राजधानी रियाद, मक्का और देश के पर्वतीय दक्षिणी इलाके में सड़कें बाढ़ के पानी में डूब गई हैं। सोशल मीडिया पर कई वीडियो पोस्ट किए गए हैं, जिनमें दक्षिण पश्चिमी शहर अबहा में कई कारें पानी में डूबी हुई दिखाई दे रही हैं। सऊदी के शिक्षा मंत्रालय ने बुधवार को ही राजधानी रियाद और आसपास के इलाकों में स्कूल बंद कर दिए थे।