फिंगरप्रिंट से चल सकता है पूर्वजों का पता
अब तक किसी व्यक्ति की पहचान के लिए इस्तेमाल होने वाले फिंगरप्रिंट से पूर्वजों के बारे में जानकारी भी हासिल की जा सकती है। दो अलग-अलग मूल के लोगों पर किए गए एक अध्ययन के आधार पर शोधकर्ताओं ने यह निष्कर्ष निकाला है।
वाशिंगटन। अब तक किसी व्यक्ति की पहचान के लिए इस्तेमाल होने वाले फिंगरप्रिंट से पूर्वजों के बारे में जानकारी भी हासिल की जा सकती है। दो अलग-अलग मूल के लोगों पर किए गए एक अध्ययन के आधार पर शोधकर्ताओं ने यह निष्कर्ष निकाला है।
मानवशास्त्री और आपराधिक मामलों की जांच एजेंसियां फिंगरप्रिंट का लंबे समय से अध्ययन करती रही हैं। ऐसे में यह ताजा शोध उनके लिए नए रास्ते खोल सकता है। नॉर्थ कैरोलिना स्टेट यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर रोस ने कहा कि यह फिंगरप्रिंट के जरिये पूर्वजों की जानकारी जुटाने और व्यक्ति के मूल का पता लगाने की दिशा में इस तरह का पहला अध्ययन है। इसके परिणाम बेहद सकारात्मक रहे हैं। उन्होंने कहा कि हालांकि इस पर अभी और अधिक अध्ययन की जरूरत है। शोध में ज्यादा से ज्यादा मूल के लोगों को सम्मिलित किया जाना चाहिए।
पढ़ेंःआखिर क्यों चबा डाली इस युवक ने अपनी उंगलियां?
शोध में कुल 243 लोगों की दाएं हाथ की तर्जनी के निशान का अध्ययन किया गया। इन लोगों में 61 अफ्रीकी अमेरिकी महिलाएं और 61 अफ्रीकी अमेरिकी पुरुष, 61 यूरोपीय अमेरिकी महिलाएं और 60 यूरोपीय अमेरिकी पुरुष शामिल थे। अध्ययन के दौरान महिला, पुरुष के फिंगरप्रिंट पैटर्न में तो कोई अंतर नहीं पाया गया लेकिन यूरोपीय अमेरिकियों, अफ्रीकी अमेरिकियों के पैटर्न में अंतर मिला। रोस के अनुसार इस शोध के परिणाम कानून प्रवर्तक एजेंसियों के लिए बेहद मददगार हो सकते हैं।