विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 22, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पाक को ट्रंप ने दिया दोहरा झटका, भारत को बताया आतंक प्रभावित देश

By Manish NegiEdited By:
Published: Mon, 22 May 2017 08:58 PM (IST)

ट्रंप ने सीधे तौर पर यह तो नहीं कहा है कि भारत किस तरह के आतंक से प्रभावित है लेकिन ...और पढ़ें

पाक को ट्रंप ने दिया दोहरा झटका, भारत को बताया आतंक प्रभावित देश
पाक को ट्रंप ने दिया दोहरा झटका, भारत को बताया आतंक प्रभावित देश

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। रियाद में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के इरादे के साथ पहुंचे पाकिस्तान के पीएम नवाज शरीफ की यह हसरत तो पूरी नहीं हो सकी उल्टा उन्हें ट्रंप ने एक नया टेंशन दे दिया। ट्रंप ने जब अरब इस्लामिक अमेरिकी सम्मेलन में अपना भाषण देने के लिए उठे तो उन्होंने भारत को आतंक प्रभावित देशों की श्रेणी में रखा। ट्रंप ने सीधे तौर पर यह तो नहीं कहा है कि भारत किस तरह के आतंक से प्रभावित है लेकिन वैश्विक स्तर पर उनकी तरफ से भारत का नाम लेने के कई कूटनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं। भारत लगातार यह कहता रहा है कि वह पाकिस्तान समर्थित आतंकवाद से पीडि़त देश है और ट्रंप ने एक तरह से उसकी इस बात का समर्थन किया है।

घरेलू स्तर पर कई मोर्चे पर तनाव झेल रहे शरीफ के लिए सिर्फ यह परेशानी की बात नहीं है कि ट्रंप ने उनसे अलग से द्विपक्षीय मुलाकात नहीं की बल्कि उनकी परेशानी का दूसरा कारण यह है कि ट्रंप ने दक्षिण एशियाई देशों में सिर्फ अफगानिस्तान के राष्ट्रपति अशरफ घनी से मुलाकात की है। कूटनीतिक स्तर पर माना जा रहा है कि ट्रंप ने इस बैठक के जरिए पाकिस्तान और रूस को यह संकेत दिया है कि वह अफगानिस्तान में अपनी उपस्थिति और मजबूत करेगा।

दरअसल, हाल के महीनों में पाकिस्तान ने चीन व रूस की मदद से अफगानिस्तान की शांति वार्ता में तालिबान को घुसाने की चेष्टा कर रहा है। पाकिस्तान यह चाल अफगानिस्तान में भारत की भूमिका को खत्म करने के लिए चल रहा है। राष्ट्रपति घनी अभी सीमा पार आतंक के मुद्दे पर पूरी तरह से भारत के साथ हैं। पाक हर कीमत पर इस जोड़ को तोड़ने की कोशिश में है। जाहिर है कि ट्रंप और घनी की मुलाकात पाकिस्तान के लिए नया झटका है।

पाकिस्तान की मीडिया में पिछले एक पखवाड़े से रियाद में शरीफ और ट्रंप के बीच द्विपक्षीय वार्ता की संभावनाओं के बारे में खबरें प्रकाशित की जा रही थी। पाकिस्तान सरकार के सूत्रों के हवाले से यह खबरें भी दिखाई जा रही थी कि शरीफ ट्रंप से मुलाकात के दौरान कश्मीर का मसला उठाएंगे। हालांकि शरीफ की ट्रंप से सिर्फ दुआ सलाम भर की मुलाकात ही हो पाई है। उल्टा घनी से अलग से मुलाकात कर और भारत को आतंक प्रभावित देश बता कर ट्रंप ने पाकिस्तान को एक तरह से आईना दिखा दिया है। यही वजह है कि पाकिस्तान के तमाम समाचार चैनल अरब इस्लामिक अमेरिकी बैठक को पाकिस्तान के लिए बड़ी असफलता के तौर पर पेश कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें: सख्‍त सुरक्षा इंतजामों के बीच इजरायल व फलस्‍तीन जाएंगे ट्रंप