एवरेस्ट पर मिले चार पर्वतारोहियों के शव
ये शव स्लोवाकिया के पर्वतारोही व्लादिमीर स्ट्रबा की तलाश में जुटे शेरपाओं को मिले थे। स्ट्रबा की सप्ताहांत के दौरान शिखर के पास मौत हो गई थी।
काठमांडू, रायटर। दुनिया के सबसे ऊंचे शिखर माउंट एवरेस्ट पर चार पर्वतारोहियों के शव पाए गए हैं। इन्हें लेकर एवरेस्ट पर इस सीजन में मरने वालों की संख्या बढ़कर दस हो गई है। सोमवार को भारतीय पर्वतारोही रवि कुमार का भी शव मिला था। उन्होंने शनिवार को शिखर को फतह किया था। इसके बाद वह लापता हो गए थे।
नेपाल पर्वतारोहण संगठन के अध्यक्ष शेरिंग शेरपा ने बताया कि एवरेस्ट पर आठ हजार मीटर की ऊंचाई पर स्थित दो टेंटों से मंगलवार रात चार शव पाए गए। हालांकि यह अभी पता नहीं चल सका है कि इन पर्वतारोहियों की कैसे मौत हुई। इनकी नागरिकता की भी अभी पहचान नहीं हो पाई है।
यह भी पढ़ें: समूह में शिकार करते हैं सांपों की यह प्रजाति
मंगलवार को तूफानी हवाएं चल रही थीं। ये शव स्लोवाकिया के पर्वतारोही व्लादिमीर स्ट्रबा की तलाश में जुटे शेरपाओं को मिले थे। स्ट्रबा की सप्ताहांत के दौरान शिखर के पास मौत हो गई थी। नेपाल ने इस सीजन में 371 पर्वतारोहियों को एवरेस्ट पर चढ़ाई की इजाजत दी है। साल 1953 में पहली चढ़ाई से लेकर अब तक करीब 300 लोगों की एवरेस्ट पर जान जा चुकी है।
यह भी पढ़ें: दक्षिण चीन सागर में सुनामी चेतावनी प्रणाली लगाएगा भारत