ब्रिटेन की जब्ती सूची में कायम है दाऊद इब्राहिम का नाम
दाऊद मुंबई में 1993 के श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों का मुख्य आरोपी है। इन विस्फोटों में 260 लोग मारे गए थे और 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
लंदन, प्रेट्र। ब्रिटेन की ओर से जारी वित्तीय प्रतिबंध सूची में भारत के मोस्ट वांटेड आतंकी दाऊद इब्राहिम का नाम अभी भी कायम है। ब्रिटेन की इस अपडेट सूची में अंडरवर्ल्ड सरगना के 21 सहयोगियों के भी नाम हैं।
ब्रिटेन में प्रतिबंधित वित्तीय ठिकाने की संयुक्त सूची को ब्रिटेन के वित्त विभाग ने सोमवार को अपडेट किया। इस सूची में माफिया सरगना का भी नाम आया है। माना जाता है कि भारत से भगोड़ा माफिया सरगना पाकिस्तान में छिपा हुआ है।
सूची में कासकर दाऊद इब्राहिम के तीन पते का उल्लेख है। पहला पता है हाउस नं. 37, 30वीं स्ट्रीट, डिफेंस हाउसिंग अथारिटी, कराची, दूसरा पता नूराबाद, कराची (पहाड़ी इलाके में शाही बंगला) है, और तीसरा पता व्हाइट हाउस, सऊदी मस्जिद के समीप, क्लिफ्टन, कराची दिया गया है।
पिछले वर्ष तक एक और पता दिया जाता था। यह पता हाउस नं. 29, मार्गला रोड, एफ 6/2 स्ट्रीट नं. 22, कराची था। इस बार यह पता रिकार्ड में शामिल नहीं है।
दाऊद मुंबई में 1993 के श्रृंखलाबद्ध विस्फोटों का मुख्य आरोपी है। इन विस्फोटों में 260 लोग मारे गए थे और 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। बम धमाकों के बाद वह भारत से भाग निकला। उसके पाकिस्तान में छिपे होने का संदेह है, लेकिन पाकिस्तान बार-बार यही दोहराता आया है कि दाऊद उसके यहां मौजूद नहीं है।
रिकार्ड में उसका जन्म महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले के खेर में दर्ज है। भारतीय पासपोर्ट के साथ उसकी राष्ट्रीयता भारतीय है। इस पासपोर्ट को भारत सरकार निरस्त कर चुकी है। उसने कई भारतीय और पाकिस्तानी पासपोर्ट बनवा रखे हैं और उसका दुरुपयोग करता है।
यह भी पढ़ें: दाऊद पर बेनकाब हुआ पाकिस्तान, कराची में ही रह रहा है अंडरवर्ल्ड डॉन