भारत भी आई थी कैलिफोर्निया की हमलावर 'ताशफीन मलिक'
अमेरिका के कैलिफोर्निया में अपने पति के साथ गोलियां बरसाने वाली पाकिस्तानी महिला ताशफीन मलिक भारत भी आई थी। न्यूयॉर्क टाइम्स ने 2013 में उसकी भारत यात्रा का खुलासा किया है।
न्यूयॉर्क। अमेरिका के कैलिफोर्निया में अपने पति के साथ गोलियां बरसाने वाली पाकिस्तानी महिला ताशफीन मलिक भारत भी आई थी। न्यूयॉर्क टाइम्स ने 2013 में उसकी भारत यात्रा का खुलासा किया है। सऊदी अरब के गृह मंत्रालय के एक अधिकारी के हवाले से अखबार ने बताया है कि ताशफीन मलिक (27) ने दो मर्तबा सऊदी अरब की यात्रा की थी। सऊदी अरब की एक यात्रा के बाद वह भारत के लिए रवाना हुई थी।
सऊदी अरब गृह मंत्रालय के प्रवक्ता मंसूर तुर्की ने अखबार को बताया कि ताशफीन जून 2008 में पाकिस्तान से अपने पिता को देखने के लिए उनके देश आई थी और पाकिस्तान वापस लौटने से पहले करीब नौ हफ्ते वहां रुकी। फिर वह जून 2013 में पाकिस्तान से आई और उसी साल छह अक्टूबर को भारत के लिए रवाना हुई। हालांकि यह पता नहीं है कि ताशफीन भारत पहुंची या नहीं और अगर भारत आई तो कहां और कितने वक्त रही थी।
तुर्की ने उसके पति सैयद रिजवान फारूक (28) के भी दो बार सऊदी अरब आने की बात मानी है। तुर्की ने कहा कि ताशफीन सऊदी अरब में अपने पति से मिली थी इसका कोई सबूत नहीं है। लेकिन, अक्टूबर 2013 में एक ही समय पांच दिन के लिए दोनों सऊदी अरब में थे। फारूक पहली बार अक्टूबर 2013 में हज करने के लिए और दूसरी बार जुलाई 2014 में उमरा करने के लिए सऊदी अरब आया था। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार यह हमलावर दंपती जुलाई 2014 में जेद्दा से साथ में अमेरिका के लिए रवाना हुआ था।
अखबार ने ताशफीन के रिश्तेदारों और जानकारों के हवाले से बताया है कि वह अपने इंजीनियर पिता के साथ बचपन में ही पाकिस्तान के पंजाब प्रांत से जेद्दा आ गई थी। वह सउदी अरब में पली-बढ़ी और उस पर इस्लाम की रूढ़ीवादी व्याख्या का गहरा प्रभाव था। हालांकि सऊदी अरब के अधिकारियों ने इस बात से इनकार किया है कि उसने उनके देश में बहुत समय बिताया।
अधिकारियों ने कहा कि वह सिर्फ दो बार उनके देश आई थी और उसकी कुल यात्रा कुछ महीनों की थी। गौर करने लायक बात यह है कि कैलिफोर्निया हमले के एक दिन बाद सऊदी अरब के विदेश मंत्री ओसामा नुगाली ने न्यूयॉर्क टाइम्स को बताया था कि फारूक एक बार नौ दिन के लिए उनकी देश की यात्रा पर आया था, जबकि ताशफीन की यात्रा का कोई रिकॉर्ड होने से इन्कार किया था।