डिलन ने तोड़ी चुप्पी, नोबेल पुरस्कार किया स्वीकार
इस सप्ताह नोबेल अकादमी की स्थायी सचिव सारा डेनियस से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने पुरस्कार स्वीकार करने की बात कही। उन्होंने कहा, 'नोबेल पुरस्कार की खबर को सुनकर मैं अवाक रह गया था।
लंदन, एएफपी। बॉब डिलन ने साहित्य के लिए दिया गया नोबेल पुरस्कार आखिरकार स्वीकार कर लिया है। इस मामले पर अपनी चुप्पी तोड़ते हुए उन्होंने कहा कि इस घोषणा ने उन्हें 'अवाक' कर दिया था। 13 अक्टूबर को अमेरिकी गायक-गीतकार डिलन को यह पुरस्कार देने की घोषणा की गई थी।
इस सप्ताह नोबेल अकादमी की स्थायी सचिव सारा डेनियस से फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने पुरस्कार स्वीकार करने की बात कही। उन्होंने कहा, 'नोबेल पुरस्कार की खबर को सुनकर मैं अवाक रह गया था। मैं इस पुरस्कार का बहुत सम्मान करता हूं।' पुरस्कार की घोषणा के बाद अकादमी द्वारा बार-बार किए गए फोन कॉल का डिलन ने इससे पहले कोई जवाब नहीं दिया था। उन्होंने पुरस्कार को लेकर कोई सार्वजनिक बयान भी नहीं दिया था। इसके कारण अकादमी के एक सदस्य ने उन्हें 'अशिष्ट और अभिमानी' तक कह दिया था।
डेली टेलीग्राफ को डिलन ने बताया,'यह पुरस्कार मिलना अद्भुत, अविश्र्वसनीय है और इस पर भरोसा करना मुश्किल है। इसे हासिल करने का सपना कौन नहीं देखता?' डेनियस ने बताया कि डिलन पुरस्कार ग्रहण करने के लिए स्टॉकहोम नहीं आएंगे। लेकिन, समारोह में अकादमी उनका गीत अथवा संक्षिप्त वीडियो संबोधन प्रसारित करना चाहता है। इससे डिलन को अवगत करा दिया गया है। आमतौर पर स्वीडन के राजा कार्ल सोलहवें गुस्ताफ नोबेल पुरस्कार के सभी विजेताओं को 10 दिसंबर को सम्मानित करते हैं। गौरतलब है कि डिलन के गीतों ने कई पीढि़यों को प्रभावित किया है और यह पुरस्कार पाने वाले वे पहले गीतकार हैं।
नोबेल पुरस्कार मिलने पर बोले बॉब डिलेन, अद्भुत और अविश्वसनीय