1993 में न्यूयॉर्क के WTC पर हमले के साजिशकर्ता की मौत
WTC हमले की साजिश रचने का दोषी और ब्लाइंड शेख के नाम से मशहूर उमर अब्देल रहमान की नॉर्थ कैरोलिना की जेल में मौत हो गई है।
वाशिंगटन (आईएएनएस)। न्यूयार्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर हमले की साजिश रचने का दोषी और ब्लाइंड शेख के नाम से मशहूर उमर अब्देल रहमान की नॉर्थ कैरोलिना की जेल में मौत हो गई है। वह काफी समय से बीमार था। जेल अधिकारी के मुताबिक वह काफी समय से डाइबिटीज समेत दिल की बीमारी से जूझ रहा था। अधिकारियों ने उसकी मौत प्राकृतिक बताया है। रहमान को डब्ल्यूटीसी और दूसरे हमलों की साजिश का दोषी पाया गया था। सिन्हुआ एजेंसी के मुताबिक वह इस्लामिस्ट फंडामेंटेलिस्ट का बड़ा लीडर था। आंखें न होने के बावजूद वह बेहद शातिर था
महज दस महीने की आयु में ही रहमान की आंखों की रोशनी चली गई थी। 11 वर्ष की आयु में उसने ब्रेल पर लिखना और पढ़ना सीख लिया था। उसने कायरो यूनिवर्सिटी स्कूल ऑफ टेक्नॉलिजी से अपनी पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने कायरो की अल अजहर यूनिवर्सिटी से ही डॉक्टरेट हासिल की। इसके बाद वह 1990 में अमेरिका आ गया। यहां पर उसने न्यूजर्सी में स्थित एक मस्जिद में पढ़ाया भी।
1980 के मध्य उसने अफगानिस्तान का भी रुख किया था, जहां उसने अलकायदा के ओसामा बिन लादेन के लिए काफी काम किया। 1993 में डब्ल्यूटीसी की पार्किंग में हुए बम धमाके से छह लोगों की मौत और हजार लोग घायल हुए थे। 1993 में वह बड़ा आतंकी बन चुका था।