रूस के साइबेरिया में MI-8 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, 21 लोगों की मौत
रूस के साइबेरिया में एक हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह से इसमें सवार 21 लोगों की मौत हो गई है।
मास्को (आईएएनएस)। रूस के साइबेरिया के यमल प्रायद्वीप में एक एमआई-8 हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने से इसमें सवार 21 लोगों की मौत हो गई है। इस हादसे के पीछे खराब मौसम को बताया जा रहा है। स्थानीय आपातकालीन सेवाओं के सूत्रों ने आज बताया कि दुर्घटना उस वक्त हुई जब यह हेलीकॉप्टर नीचे उतर रहा था।हेलीकॉप्टर पर 22 यात्री और चालक दल के तीन सदस्य सवार थे जिसमें से 21 की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल है शेष लोगों की तलाश जारी है। इसी घायल व्यक्ति ने अपने मोबाइल से फोन कर हादसे की जानकारी इमरजेंसी डिपार्टमेंट को दी थी।
बचाव कार्य में जुटे राहतकर्मियों ने बताया कि बचाव दल को यमालो नेनेट्स क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के दोनों ब्लैक बॉक्स मिल गये है जिससे दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा सकेगा। खराब मौसम के कारण राहत और बचाव कर्मियों को दुर्घटनास्थल तक पहुंचने में परेशानी का समना करना पड़ रहा है। हादसेे वाली जगह पर करीब 140 राहतकर्मियों के एक दल को भेजा गया है।