बलूच के रेप और खून जैसा है OBOR: बलूच नेता
वन बेल्ट वन रोड का विरोध करते हुए बलूच वूमंस फोरम की अध्यक्ष ने विश्व नेताओं पर सवाल दागते हुए बलूचिस्तान में हो रही हिंसक गतिविधियों का आरोप पाकिस्तानी आर्मी पर लगाया है और संरा से मदद की गुहार लगायी।
बलूचिस्तान (एएनआई)। दुनिया की बलूच वूमंस फोरम की अध्यक्ष नायला कादरी बलूच ने उन विश्व नेताओं पर सवाल उठाया है जो ‘चीन की वन बेल्ट वन रोड (OBOR)’ को समर्थन और अपना योगदान दे रहे हैं। वन बेल्ट वन रोड समिट में भाग लेने के लिए एकत्रित हुए विश्व नेता से बलूच कुर्द लिबरेशन की एक्टिविस्ट नायला बलूच ने कहा, ‘विकास के नाम पर बलूचिस्तान के बारे में विश्व नेता क्यों निर्णय ले रहे हैं।‘
बलूचिस्तान में क्रूर कार्रवाई के लिए नायला बलूच ने पाकिस्तानी आर्मी पर आरोप लगाया। उन्होंने कहा हजारों महिलाओं को जेल में रखा गया जहां उनका यौन उत्पीड़न होता है। उन्होंने कहा कि उनका संघर्ष केवल महिलाओं की आजादी तक सीमित नहीं बल्कि यह बलूचिस्तान के हर हिस्से के लिए है। उन्होंने आगे बताया, ‘पाकिस्तानी आर्मी द्वारा बलूच के वकीलों, डॉक्टरों और इंजीनियरों का अपहरण किया जाता है।‘ नायला के अनुसार, बलूच के नागरिकों के नरसंहार में पाकिस्तान को चीन का पूरा सहयोग प्राप्त है। उन्होंने बताया, पाकिस्तान आर्मी द्वारा बलूचिस्तान में जारी नरसंहार के बावजूद अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार चुप है।‘
पाकिस्तानी आर्मी पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के पास बलूच नागरिकों के दुष्कर्म, हत्या और उनके अंगों को निकाल कर बेचने का लाइसेंस है। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र से मदद की मांग करते हुए कहा कि संरा ने अपना मुंह और कान बंद कर रखा है और अंधा बन गया है लेकिन अब बलूचिस्तान की मदद के लिए उसे नींद से जगना होगा। उन्होंने आगे कहा, ‘पृथ्वी के चेहरे से बलूच का नामो निशां मिटने जा रहा है और संरा चुप है, अंतर्राष्ट्रीय समुदाय चुप है, यह हमारे लिए काफी चिंता का विषय है।'
नायला कादरी विश्व बलूच महिला मंच की अध्यक्ष और बलूच स्वतंत्रता आंदोलन की नेता हैं। वह छह साल से बलूचिस्तान नहीं जा पाई हैं। नायला अपने परिवार के साथ कनाडा में रहती हैं। पिछले वर्ष उन्होंने भारत के लोगों और मोदी सरकार से पाकिस्तान को कैंसर नाम की मर्ज बताते हुए इसे जड़ से खत्म करने के लिए मदद मांगी थी।
यह भी पढ़ें: बिन भारत चीन का 'OBOR' का सपना नहीं हो सकेगा साकार , जानें क्यों