सू की के पूर्व ड्राइवर राष्ट्रपति के उम्मीदवार
म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू की ने राष्ट्रपति पद को लेकर जारी अनिश्चितता को खत्म कर दिया। उनकी पार्टी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) ने इस पद के लिए सू के ड्राइवर रह चुके तिन क्यॉ को नामांकित किया है।
ने पी तॉ। म्यांमार की लोकतंत्र समर्थक नेता आंग सान सू की ने राष्ट्रपति पद को लेकर जारी अनिश्चितता को खत्म कर दिया। उनकी पार्टी नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) ने इस पद के लिए सू के ड्राइवर रह चुके तिन क्यॉ को नामांकित किया है। वह फिलहाल किसी सदन के सदस्य नहीं हैं।
क्यॉ ने महज दो महीने पहले ही एनएलडी की सदस्यता ग्रहण की थी। उनकी पत्नी पार्टी की सांसद हैं। दोनों सदनों में बहुमत को देखते हुए क्यॉ का राष्ट्रपति बनना तय है। मौजूदा संवैधानिक प्रावधानों के तहत सू की राष्ट्रपति नहीं बन सकती हैं। लिहाजा उन्होंने अपने विश्वस्त को दावेदार बनाने की घोषणा की।
अर्थशास्त्र से स्नातक क्यॉ, सू द्वारा स्थापित संस्था चलाते हैं। दोनों के बीच दो दशकों से नजदीकी संपर्क हैं। एनएलडी की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति के सदस्य हान था मिंत ने क्यॉ के नामांकन की पुष्टि की है। निचले सदन के सदस्य मिंत मिंत सोए ने क्यॉ के चयन को सही बताते हुए उन्हें बेहतरीन इंसान करार दिया है।
राष्ट्रपति की चुनाव प्रक्रिया
म्यांमार में राष्ट्रपति का चुनाव अप्रत्यक्ष तरीके से होता है। इसके लिए तीन सदस्यों को नामांकित किया जाता है। निचले सदन, ऊपरी सदन और सेना की ओर से अलग-अलग उम्मीदवार खड़े किए जाते हैं। इसके बाद दोनों सदनों के संयुक्त अधिवेशन में मतदान होता है। सबसे ज्यादा मत पाने वाला उम्मीदवार राष्ट्रपति बनता है। हारने वाले प्रत्याशी उप राष्ट्रपति होते हैं। राष्ट्रपति कैबिनेट का गठन करते हैं।
एनएलडी ने ऊपरी सदन से हेनरी वंत्री को उम्मीदवार बनाया है। सेना की ओर से देश के पूर्व नौसैनिक प्रमुख थेट स्वे के नाम प्रस्तावित किए जाने का अनुमान है। म्यांमार की नई सरकार को एक अप्रैल से कार्यभार संभालना है।