चीन के लिए जासूसी के आरोप में अमेरिकी अफसर गिरफ्तार
अमेरिकी नौसेना के एक अधिकारी को चीन और ताइवान के लिए जासूसी करने के शक में गिरफ्तार किया गया है। संदेह है कि उसने कई संवेदनशील गोपनीय सूचनाएं दोनों देशों तक पहुंचाई है।
वाशिंगटन। अमेरिकी नौसेना के एक अधिकारी को चीन और ताइवान के लिए जासूसी करने के शक में गिरफ्तार किया गया है। संदेह है कि उसने कई संवेदनशील गोपनीय सूचनाएं दोनों देशों तक पहुंचाई है।
एक अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध की पहचान लेफ्टिनेंट कमांडर एडवर्ड लिन के रूप में की गई है। लिन का जन्म ताइवान में हुआ था। बाद में उसने अमेरिकी नागरिकता ले ली थी। हालांकि, संशोधित चार्जशीट में संदिग्ध का नाम हटा दिया गया है। आरोप है कि उसने दो बार खुफिया सूचनाएं पहुंचाई। उसे करीब आठ महीने पहले हिरासत में लिया गया था।
अधिकारी का कहना है कि चीन और ताइवान के लिए जासूसी किए जाने का संदेह है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने सिर्फ इतना कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। ताइवान के विदेश मंत्रालय ने भी टिप्पणी से इन्कार किया है।