यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 31, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमेरिका ने अफगानिस्तान में बढ़ाई सैनिकों की संख्या
अमेरिका के रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने बताया कि अफगानिस्तान में इस समय 11 हजार अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। यह संख्या राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अफगान नीति के अनुसार है।

वाशिंगटन (आइएएनएस/प्रेट्र)। अमेरिका ने अफगानिस्तान में अपने सैनिकों की संख्या में इजाफा किया है। अमेरिका के रक्षा मंत्रालय पेंटागन ने बताया कि अफगानिस्तान में इस समय 11 हजार अमेरिकी सैनिक तैनात हैं। यह संख्या राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अफगान नीति के अनुसार है। पहले यहां अमेरिकी सैनिकों की संख्या 8,400 बताई गई थी।
बीबीसी के अनुसार, यह घोषणा ऐसे समय की गई है, जब पेंटागन तालिबान को परास्त करने के लिए करीब चार हजार और सैनिकों की अफगानिस्तान में तैनाती की तैयारी करने वाला है। हालांकि पेंटागन का कहना है कि यह कदम पारदर्शिता बढ़ाने के लिए उठाया गया है। उसने इराक और सीरिया में अमेरिकी सैनिकों की संख्या का विवरण नहीं दिया। ज्वाइंट स्टाफ डायरेक्टर लेफ्टिनेंट जनरल केनेथ मैकेंजी ने कहा कि यह और बलों को शामिल करने का प्रयास नहीं है बल्कि गलतफहमियों को दूर करने का प्रयास है। अमेरिकी रक्षा विभाग अब तक नियमित रूप से अफगानिस्तान में करीब 8400 सैनिकों की ही तैनाती की जानकारी देता था।
अमेरिका के रक्षा मंत्री जिम मैटिस ने युद्ध प्रभावित देश में सैनिकों की गिनती के तौर-तरीकों पर निराशा जाहिर करते हुए कहा था कि वह सैनिकों की सही संख्या का इंतजार करेंगे। इसके बाद यह निर्णय लिया जाएगा कि अफगानिस्तान में कितने और सैनिकों को भेजने की जरूरत है। नई अफगान नीति के तहत सैनिकों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इस नीति की घोषणा पिछले हफ्ते ही डोनाल्ड ट्रंप ने की थी।
यह भी पढ़ें : अमेरिका ने पाक को दी सशर्त सैन्य आर्थिक मदद
