अमेरिकन एयरलाइंस के विमान की इमरजेंसी लैंडिंग
अमेरिकन एयरलाइंस के एक विमान को आपात स्थिति में उतारा गया। इस दौरान सात यात्री घायल हो गए।
नई दिल्ली। अमेरिकन एयरलाइंस के एक विमान को आपात स्थिति में उतारा गया। इस दौरान सात यात्री घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, अमेरिकन एयरलाइंस का एक विमान मियामी से मिलान के लिए जा रहा था। अचानक यह विमान वायु विक्षोभ में फंस गया, जिसके बाद इसे आपात स्थिति में न्यूफाउंडलैंड के एयरपोर्ट पर उतारना पड़ा। लैंडिंग के बाद विमान में सवार लोगों में से सात को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस विमान में मियामी से रविवार को 3.03 बजे उड़ान भरी थी।
एक घंटे बाद ही विमान अचानक नीचे गिरने लगा और एक तरफ झुक गया। इसके चलते विमान में सवार यात्री चीख-पुकार मचाने लगे। विमानन कंपनी के प्रवक्ता के अनुसार, विमान वायु विक्षोभ में फंस गया था। तीन फ्लाइट अटेंडेंट के अलावा चार यात्रियों को भर्ती करवाया गया है, वहीं जो यात्री सुरक्षित हैं उन्हें गंतव्य तक पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। इस विमान में चालक दल के 11 सदस्यों के साथ 192 यात्री सवार थे।
पढ़ेंः गोएयर की फ्लाइट में बम की अफवाह, नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग