चीन में घोटाले के आरोप में 35 जापानी गिरफ्तार
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जेंग शुआंग ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किये गए लोगों के बारे में जापान सरकार को सूचना दे दी गई है।
बीजिंग, एपी। चीन में दूरसंचार घोटाले में 35 जापानी नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है। चीन में वर्षो तक अवैध गतिविधियों का आरोप लगाकर इन जापानी नागरिकों को 30 जून को गिरफ्तार किया गया। हाल के दशकों में यह किसी एक मामले में सर्वाधिक जापानी नागरिकों की गिरफ्तारी है।
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता जेंग शुआंग ने बुधवार को बताया कि गिरफ्तार किये गए लोगों के बारे में जापान सरकार को सूचना दे दी गई है। प्रवक्ता ने गिरफ्तार लोगों के बारे में अन्य कोई जानकारी नहीं दी। चीन में हाल ही में दूरसंचार घोटाले के भंडाफोड़ किया गया था जिसमें चीनी नागरिकों के साथ धोखाधड़ी होने की बात सामने आई थी। घोटाले में देश के बाहर बैठे लोग भी शामिल हैं।
घोटालेबाज बैंक की फर्जी जानकारी और एसएमएस भेजकर ग्राहकों को धन मिलने या इनाम जीतने की जानकारी भेजते थे। इसके बाद प्रक्रिया शुल्क या अर्थदंड के रूप में धन की मांग करते थे। जबकि जापान की क्योदो न्यूज एजेंसी ने कहा है कि इस तरह का घोटाला जापान में भी हो रहा है। इस तरह के मामलों में जुलाई महीने में फ्यूजियान प्रांत में 35 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
यह भी पढ़ें: जिबूती में सैन्य अड्डा बनाने को चीन के सैनिक रवाना