जम्मू-कश्मीर: उड़ी में LoC पर जोरदार धमाका! माइन ब्लास्ट में सेना के 2 जवान घायल, एयरलिफ्ट कर श्रीनगर भेजे गए
जम्मू-कश्मीर के उड़ी सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास एक माइन विस्फोट में भारतीय सेना के दो जवान घायल हो ...और पढ़ें

जम्मू-कश्मीर के उड़ी में LoC पर माइन ब्लास्ट, सेना के दो जवान घायल।
HighLights
उड़ी में LoC के पास माइन विस्फोट में दो जवान घायल।
दफादार विजय कुमार और नायक शरणप्पा अंगारी घायल हुए।
घायल जवानों को श्रीनगर के बेस अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया।
डिजिटल डेस्क, श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले के उड़ी सेक्टर से मंगलवार को एक चिंताजनक खबर सामने आई है। देश की सुरक्षा में दिन-रात तैनात भारतीय सेना के दो जवान नियंत्रण रेखा (LoC) के पास हुए एक जोरदार माइन विस्फोट में घायल हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सेना ने तुरंत बचाव अभियान शुरू कर दिया।
सरकारी अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा उड़ी के कामालकोट सब-सेक्टर में स्थित अपर गढ़ फॉरवर्ड पोस्ट के करीब हुआ। यह बेहद संवेदनशील इलाका है और यहां 12 इन्फैंट्री ब्रिगेड के तहत 8 राष्ट्रीय राइफल्स (8 RR) की टुकड़ी तैनात है। यह पूरा क्षेत्र उरी पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को जब जवान अपनी नियमित गश्त और ड्यूटी पर थे, तभी अचानक एक पुरानी माइन में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में उसकी आवाज सुनी गई। इस विस्फोट की चपेट में आकर दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल जवानों की हुई पहचान
घायल जवानों की पहचान दफादार विजय कुमार (42 वर्ष) और नायक शरणप्पा अंगारी (28 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों ही 8 राष्ट्रीय राइफल्स के बहादुर सिपाही हैं और लंबे समय से देश सेवा में लगे हुए हैं।
घटना के तुरंत बाद साथी जवानों ने अदम्य साहस और जज्बे का परिचय देते हुए दोनों घायल जवानों को घटनास्थल से सुरक्षित निकाला। मौके पर ही प्राथमिक उपचार देने के बाद उन्हें तुरंत हेलीकॉप्टर के जरिए श्रीनगर के बादामीबाग स्थित सेना के बेस अस्पताल में एयरलिफ्ट किया गया। फिलहाल दोनों का इलाज बेस अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत पर सेना के वरिष्ठ डॉक्टर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
