पीएम-सोनिया का दौरा 'सेक्यूलर टूरिज्म'
नई दिल्ली [जाब्यू]। दंगे की पीड़ा से कराह रहे मुजफ्फरनगर में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे को भाजपा ने सेक्यूलर टूरिज्म करार दे दिया। पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि सभी जानते हैं कि दंगा सपा की ओर से प्रायोजित था। ऐसे में केंद्र सरकार संवेदनशील होती तो वोट की रोटी सें
नई दिल्ली, [जाब्यू]। दंगे की पीड़ा से कराह रहे मुजफ्फरनगर में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी के दौरे को भाजपा ने सेक्यूलर टूरिज्म करार दे दिया। पार्टी उपाध्यक्ष मुख्तार अब्बास नकवी ने कहा कि सभी जानते हैं कि दंगा सपा की ओर से प्रायोजित था। ऐसे में केंद्र सरकार संवेदनशील होती तो वोट की रोटी सेंकने की बजाय राज्य सरकार पर कार्रवाई करती।
मुजफ्फरनगर में अब तक हर किसी दल के नेता को आने से रोका गया है। रविवार को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के दौरे के बाद सोमवार को पीएम के साथ-साथ सोनिया और राहुल भी वहां मौजूद थे। भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया जताने में देर नहीं की। नकवी ने सीधा आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा में सिर्फ नूराकुश्ती हो रही है। दंगे के लिए दोनों दल दोषी हैं। राज्य की सपा सरकार जहां सीधे तौर पर जिम्मेदार है वहीं केंद्र की कांग्रेस सरकार सिर्फ दिखावे के आंसू बहा रही है। अगर भाजपा शासित राज्यों में हिंसा का दसवां अंश भी घटित होता तो केंद्र में हायतौबा मच गई होती। लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हो रही है।
पढ़ें : विधायकों को गिरफ्तार न कर सकी पुलिस
एक दूसरे मामले में नकवी केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री मनीष तिवारी पर भी बरसे। उन्होंने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ राजग सरकार ने ही कड़े कदम उठाए थे। कारगिल में घुसपैठियों को खदेड़ने से लेकर आगरा में तत्कालीन पाकिस्तानी राष्ट्रपति को खाली हाथ लौटाने तक का काम राजग सरकार ने ही किया था। जबकि कांग्रेस सरकार के काल में पाकिस्तान भारतीय सैनिकों के सिर काटकर ले जाता है। गौरतलब है कि मनीष तिवारी ने राजग सरकार को विफल बताते हुए उसकी विदेश नीति पर सवाल उठाए थे।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर