कैथल की अनाजमंडी में लूट, आढ़ती की हत्या
शहर की नई अनाज मंडी में सोमवार दोपहर को मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने मुनीम को गोली मारकर एक लाख 70 हजार रुपये लूट लिया। पड़ोसी आढ़ती ने जब लुटेरे को रोकने का साहस दिखाया तो उसके सीने में गाेली दाग दी। इससे आढ़ती की मौके पर ही मौत हो गई।
जागरण संवाददाता, कैथल : शहर की नई अनाज मंडी में सोमवार दोपहर को मोटरसाइकिल सवार बदमाश ने मुनीम को गोली मारकर एक लाख 70 हजार रुपये लूट लिया। पड़ोसी आढ़ती ने जब लुटेरे को रोकने का साहस दिखाया तो उसके सीने में गाेली दाग दी। इससे आढ़ती की मौके पर ही मौत हो गई।
घायल मुनीम को इलाज के लिए चंडीगढ़ पीजीआइ रेफर किया गया है। घटना के बाद आढ़तियों में दहशत का माहौल है। दोपहर बाद करीब साढ़े 12 बजे नई अनाज मंडी स्थित दुकान नं. 93एफ का मुनीम लक्ष्मी नारायण मंडी में बने स्टेट बैंक ऑफ पटियाला से एक लाख 70 हजार रुपये निकलवाकर लाया। दुकान पर वह रुपये के थैले को अलमारी में रखने लगा तो मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक घुस गया।
उसने मुनीम की कनपटी पर पिस्तौल रखी और रुपये का थैला मांगने लगा। मुनीम ने इसे नहीं दिया तो बदमाश ने उसकी बाई बाजू पर गोली मार दी और थैला छीनकर मोटरसाइकिल पर फरार होने लगा। पास की दुकान के 23 वर्षीय आढ़ती मनीष ने जब यह देखा तो उसने लुटेरे को पकड़ने का प्रयास किया।
बदमाश ने उसके सीने में गोली दाग दी जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद लुटेरा फरार हो गया।घायल मुनीम लक्ष्मी नारायण को अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां से डॉक्टर ने उसे चंडीगढ़ पीजीआइ रेफर कर दिया।
घटना के बाद नई अनाज मंडी के सभी आढ़ती मंडी में इकत्र हुए। नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अश्विनी शोरेवाला ने कहा कि इतनी बड़ी घटना के बाद आढ़ती चुप नही बैठेंगे। पुलिस को आरोपी जल्द से जल्द गिरफ्तार करना होगा। पहले आढ़तियों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को 24 घंटे का समय देने की बात कही, लेकिन फिर उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज पर जाम लगा दिया।
पुलिस ने शहर के ट्रैफिक को दूसरे रास्तों पर डाइवर्ट कर दिया। ट्रैफिक डाइवर्ट करने पर जब जाम सफल नहीं हुआ तो आढ़ती जींद रोड बाइपास पर पहुंच गए और राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर दिया। कुछ समय के लिए पेहवा चौक को भी जाम किया गया। इसके बाद एसडीएम आरके सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने आढ़तियों को बदमाश को जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया। इसके बाद आढ़तियों ने जाम खोल दिया।
जज की गाडी की बत्ती उखाड़ी
जाम के दौरान झज्जर में कार्यरत न्यायाधीश विवेक नासीर अपने परिवार के साथ कहीं जा रहे थे। जब वे जाम में से गाडी निकालने लगे तो प्रदर्शनकारियों ने गाडी को घेर लिया और नीली बत्ती को भी अपनी जगह से उखाड़ दिया। प्रदर्शनकारियों ने न्यायाधीश के साथ भी हाथापाई की।
इस दौरान कोई भी पुलिस कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। बाद में उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद प्रदर्शनकारियों का पता चला कि जिससे साथ हाथापाई हुई है वह जज है तो उनके हाथ पांव फूल गए और वे माफी मांगने लगे।
मंगलवार तक नहीं हुई गिरफ्तारी तो शहर रहेगा बंद
नई अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान अश्विनी शोरेवाला ने बताया कि उन्होंने प्रशासन को आरोपी गिरफ्तार करने के लिए मंगलवार सुबह नौ बजे तक को समय दिया है। अगर तक बदमाश को गिरफ्तार नहीं किया गया तो शहर बंद किया जाएगा।