तालाबंदी कर हड़ताल पर सफाई कर्मी
मकर संक्रांति पर्व के दिन भी सफाई कर्मी वेतन समेत अन्य मांगों के निस्तारण को लेकर हड़ताल पर डटे रहे।
संवाद सहयोगी, खटीमा/पंतनगर : मकर संक्रांति पर्व के दिन भी सफाई कर्मी वेतन समेत अन्य मांगों के निस्तारण को लेकर हड़ताल पर डटे रहे। गुरुवार को पालिका कार्यालय पर तालाबंदी कर प्रदर्शन किया।
उधर, पंतनगर में यूकेडी के कार्यकर्ताओं ने ठेका कर्मियों की समस्याओं को लेकर विवि में आयोजित धरना-प्रदर्शन पर दूरभाष पर चर्चा की।
उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले सफाई कर्मियों ने चार माह का वेतन भुगतान, वर्दी, सेवा पुस्तिका, सुरक्षा उपकरण आदि मांगों को लेकर मोर्चा खोल रखा हैं। संघ के प्रदेश अध्यक्ष संतोष गौरव के नेतृत्व में तीसरे दिन भी कर्मचारियों ने नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि वेतन न मिलने के बाद कर्मचारियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। उन्हें खाने के लाले पड़ गए हैं। दूसरे से उधार लेकर वह अपना काम चला रहे हैं। इस मौके पर सुभाष कुमार, विजय कुमार, राजा, राकेश, शालू, सूरज, अनिल, राजेंद्र, रामवती, कमलेश देवी, अनीता, राजकुमारी, विक्की, ग्रेस देवी, विनीता मौजूद रहे।
इधर, पंतनगर यूकेडी के कार्यकर्ताओं ने ठेका कर्मियों की समस्याओं को लेकर विवि में शुक्रवार को आयोजित धरना प्रदर्शन पर दूरभाष चर्चा की। चर्चा में यह निर्णय लिया गया कि ठेका कर्मियों की समस्या, एयरपोर्ट को दी गई विवि की जमीन आदि समस्याओं के निदान के लिए सरकार को ज्ञापन देने का निर्णय लिया गया। इसके बाद भी कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं होती है तो आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी। चर्चा में केंद्रीय महामंत्री सुशील उनियाल, जिला अध्यक्ष आनंद सिंह असगोला, कार्यकारी अध्यक्ष राम सिंह धामी, उपाध्यक्ष एमसी पांडे, हेम तिवारी, महाबीर कार्की, भानु प्रताप मेहरा, भूपेश बिष्ट मौजूद थे।