Events in Agra: राकेश टिकैत आज किरावली में करेंगे किसान महापंचायत को संबोधित, जानिए और क्या होगा शहर में खास
नए कृषि कानून के खिलाफ बुधवार को भारतीय किसान यूनियन व संयुक्त किसान मोर्चा के निवेदन पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत बुधवार को किरावली आएंगे। इसके अलावा शहर में दिनभर में कई सांस्कृतिक एवं धार्मिक गतिविधियां होंगी।
आगरा, जागरण संवाददाता। कृषि कानूनों के विरोध में व न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानून के दायरे में लाने के लिए किसान 90 दिनों से आंदोलनरत हैं। इसी क्रम में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन व संयुक्त किसान मोर्चा के निवेदन पर भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत बुधवार को किरावली आएंगे।
वह यहां मोनी बाबा आश्रम स्थित ग्रामीण मिनी स्टेडियम में पहुंचकर किसान महापंचायत को संबोधित करेंगे। यह जानकारी जिलाध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन जिलाध्यक्ष राजवीर लवानिया ने दी।
दिव्यांगजन राज्य आयुक्त आज आएंगे
बुधवार को राज्य आयुक्त दिव्यांगजन (प्रमुख सचिव प्रदेश शासन स्तर) डा. एसके श्रीवास्तव ताजनगरी आएंगे। इस दौरान वह संकेत विद्यालय और कौशल विकास केंद्र का निरीक्षण भी करेंगे।
वह तीसरे पहर करीब ढ़ाई बजे सर्किट हाउस पहुंचेंगे। इसके बाद स्थलीय निरीक्षण व भ्रमण कार्यक्रम होगा। इसके बाद सर्किट हाउस में ही रात्रि विश्राम करेंगे और गुरुवार को भी शहर में रुकेंगे।
खेलकूद प्रतियोगिता
बुधवार को कमला नगर स्थित सुमीत राहुल मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कुलदीप गोयल खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इसमें सुबह नौ बजे से ताइक्वांडो प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
रंगारंग कार्यक्रम
छठवें अंतरराष्ट्रीय ताज रंग महोत्सव में बुधवार को रंगारंग कार्यक्रम व भारतीय परिधान प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक की जाएगी। इसमें देशभर के विभिन्न प्रांतों के कलाकार प्रस्तुतियां देंगे। वहीं महिला गौरव व महिला नवरत्न अवार्ड भी दिया जाएगा।
उर्स
बुधवार को बोदला स्थित दरगाह नबी करीम कदम रसूल में उर्स का कार्यक्रम होगा। इसकी शुरुआत दोपहर दो बजे से होगी।
एनएसएस शिविर
हरीपर्वत स्थित एमडी जैन इंटर कालेज में इन दिनों राष्ट्रीय सेवा योजना का सात दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किया जा रहा है। इसमें बुधवार को मीडिया की भूमिका विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा।