60वीं वर्षगांठ पर दोनों सदनों की विशेष बैठक
भारतीय ससद की 60वी वर्षगाठ के अवसर पर रविवार के दिन लोकसभा एवं राज्यसभा की विशेष बैठके होगी। साथ ही शाम को दोनो सदनो की संयुक्त बैठक होगी।
नई दिल्ली। भारतीय संसद की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर रविवार के दिन लोकसभा एवं राज्यसभा की विशेष बैठकें होंगी। साथ ही शाम को दोनों सदनों की संयुक्त बैठक होगी।
इस मौके पर सुबह ग्यारह बजे से शाम पांच बजे तक दोनों सदनों की बैठक होने के साथ शाम को राज्यसभा एवं लोकसभा की केंद्रीय कक्ष में संयुक्त बैठक भी होगी। दोनों सदनों की बैठकों में भारतीय संसद का साठ साल का सफर विषय पर चर्चा होगी। लोकसभा में नेता सदन प्रणव मुखर्जी एवं राज्यसभा में वहां के नेता सदन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह चर्चा की शुरूआत करेंगे।
संसद की 60वीं वर्षगांठ के अवसर पर पांच एवं दस रुपये के विशेष सिक्के तथा डाक टिकट भी जारी होंगे। इन्हें राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल जारी करेंगी।
इसके अलावा राष्ट्रपति तीन पुस्तकों का भी लोकार्पण करेंगी। ये पुस्तकें सदस्य परिचय: पहली लोकसभा, लोकसभा के अध्यक्ष एवं लोकसभा के साठ वर्ष: एक विश्लेषण हैं। लोकसभा सचिवालय ने इन पुस्तकों का प्रकाशन किया है।
उक्त पुस्तकों के अतिरिक्त पांच अन्य पुस्तकें भी जारी होंगी, जिनमें संविधान सभा की महिला सदस्यों के चयनित भाषण शामिल है।
संसद के 60वें वर्षगांठ समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। मशहूर संतूर वादक पंडित शिव कुमार शर्मा, सितार वादक देबू चौधरी, कर्नाटक शास्त्रीय गायक महाराजापुरम रामचंद्रन, मशहूर गायिका शुभा मुद्गल सहित इकबाल खान अपनी कला का जादू बिखेरेंगे।
शाम को होने वाली दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, उप राष्ट्रपति हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर पहली लोकसभा के सदस्य रह चुके रिशांग कीशिंग एवं रेशम लाल जांगडे को सम्मानित किया जाएगा। इनके अलावा पहली लोकसभा के सदस्य रहे कमल सिंह के भी हिस्सा लेने की उम्मीद है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर