तानिया सचदेव के दम पर भारत ने अमेरिका को शिकस्त दी
इसके साथ भारतीय महिलाएं तीन अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।
खांती मिंस्क (रूस), पीटीआइ। इंटरनेशनल मास्टर तानिया सचदेव ने अमेरिकी चैंपियन सबीना फोइसर के आक्रमण से बचाव करते हुए विश्व महिला टीम शतरंज प्रतियोगिता के दूसरे दौर में भारतीय टीम को 2.5-1.5 से जीत दिलाई।
इसके साथ भारतीय महिलाएं तीन अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। एक दिन पहले भारत ने ऊंची रैंकिंग वाले जार्जिया के साथ ड्रॉ खेला था। सोमवार को तीन अन्य बोर्ड पर हुए मुकाबले भी ड्रॉ हो चुके थे।
डी हरिका ने अन्ना जातोंसकिह से, पद्मिनी राउत ने कैटरीना नेमकोवा से और एस विजयलक्ष्मी ने अक्षिता गोर्ती के साथ ड्रॉ खेला।
दूसरी ओर पहले दौर में चीन को हराने वाली रूस की टीम ने वियतनाम पर 3-1 से प्रभावी जीत दर्ज की। रूस चार अंकों के साथ तालिका में शीर्ष पर है। पोलैंड, भारत और यूक्रेन तीन अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं।
वियतनाम, अजरबेजान और जार्जिया के दो अंक हैं और वह पांचवें स्थान पर हैं। जबकि आश्चर्यजनक रूप से चीन केवल एक अंक के साथ दस टीमों की तालिका में आठवें स्थान पर है। अमेरिका और मिस्र ने टूर्नामेंट में अभी तक खाता नहीं खोला है। वहीं, ओपन सेक्शन में भारतीय पुरुष टीम चीन से 1.5-2.5 से हार गए।