कलमाड़ी ने गंवाई आइएएएफ परिषद की सदस्यता
नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों में घोटाले के दागी सुरेश कलमाड़ी का किसी भी खेल इकाई से संबंध शनिवार को खत्म हो गया, जब अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आइएएएफ) परिषद की सदस्यता उन्होंने गंवा दी। कलमाड़ी को इस महीने की शुरुआत में पुणे में एशियाई एथलेटिक्स संघ (एएए) के अध्यक्ष पद के चुनाव में कतर के दहलान अल हमाद ने हराया था
नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेलों में घोटाले के दागी सुरेश कलमाड़ी का किसी भी खेल इकाई से संबंध शनिवार को खत्म हो गया, जब अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ परिषद की सदस्यता उन्होंने गंवा दी। कलमाड़ी को इस महीने की शुरुआत में पुणे में एशियाई एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष पद के चुनाव में कतर के दहलान अल हमाद ने हराया था। इसके साथ ही अब उनकी आइएएएफ परिषद की सदस्यता भी चली गई।
आइएएएफ ने अब एएए के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और चीनी एथलेटिक्स संघ के महासचिव डू झाओकेइ को एशिया से परिषद का सदस्य बनाया है। महासंघ की वेबसाइट पर अब कलमाड़ी का नाम नहीं है। उनकी जगह झाओकेइ का नाम है। आइएएएफ में अब एशिया से दो सदस्य झाओकेइ और अल हमाद हैं। हमाद विश्व संस्था के चार उपाध्यक्षों में से एक हैं। कलमाड़ी की जगह परिषद में झाओकेइ को रखने का काम मास्को में सात और आठ अगस्त को आइएएएफ का सम्मेलन होने से ठीक पहले किया गया। इसके बाद 10 से 18 अगस्त तक मास्को में ही विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप होगी।
67 वर्षीय विवादास्पद खेल प्रशासक कलमाड़ी फिलहाल जमानत पर हैं। उन्हें 2010 राष्ट्रमंडल घोटाले में शामिल होने के कारण दस माह जेल में बिताने पड़े थे। घोटाले में नाम आने के बाद से कलमाड़ी भारतीय ओलंपिक संघ (आइओए) का अध्यक्ष सहित कई प्रमुख पद गंवा चुके हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर