दुष्यंत को रोइंग में मिला कांस्य पदक
भारत के दुष्यंत सिंह ने 17वें एशियाई खेलों में रोइंग में पुरुषों की लाइटवेट सिंगल स्कल्स में कांस्य पदक जीता।
इंचियोन। भारत के दुष्यंत सिंह ने 17वें एशियाई खेलों में रोइंग में पुरुषों की लाइटवेट सिंगल स्कल्स में कांस्य पदक जीता। इस पदक के साथ ही भारत 1 स्वर्ण, 1 रजत और 10 कांस्य समेत कुल 12 पदकों के साथ 14वें स्थान पर है।
22 वर्षीय दुष्यंत ने शानदार प्रदर्शन किया और वे रेस के अधिकांश समय सबसे आगे थे, लेकिन हांगकांग और दक्षिण कोरिया के रोवर्स ने अंतिम समय में उन्हें पीछे छोड़ दिया। हांगकांग के लोक क्वान होई (7:25.04) ने स्वर्ण पदक हासिल किया। कोरिया के ली हाकबिओम (7:25.95) ने रजत और दुष्यंत (7:26.57) ने कांस्य पदक प्राप्त किया।
भारत की संजुक्ता दुंग दुंग और तारूनिखा प्रताप महिला डबल स्कल्स में पदक से चूक गई और उन्हें पांचवें स्थान पर संतोष करना पड़ा।