पिस्टोरियस गैर-इरादतन हत्या के दोषी
मशहूर एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस अपनी प्रेमिका की हत्या के आरोप से तो बरी हो गए, लेकिन एक दिन बाद शुक्रवार को उन्हें गैर इरादतन हत्या
प्रिटोरिया। मशहूर एथलीट ऑस्कर पिस्टोरियस अपनी प्रेमिका की हत्या के आरोप से तो बरी हो गए, लेकिन एक दिन बाद शुक्रवार को उन्हें गैर इरादतन हत्या के आरोप में अदालत ने दोषी करार दिया। दुनिया भर में टीवी स्क्रीन पर सीधे प्रसारित व्यवस्था में जज थोकोजाइल मासिपा ने कहा कि पिस्टोरियस ने 2013 को 14 फरवरी के दिन लापरवाही से बाथरूम के बंद दरवाजे के भीतर चार गोलियां दाग दी थीं।
हत्या के आरोप पर मासिपा ने कहा, 'आरोपी को दोषी नहीं पाया गया और छोड़ दिया गया। उसे गैर-इरादतन हत्या का दोषी पाया गया।' उन्होंने कहा, 'एक समझदार आदमी यह भांप सकता था कि दरवाजे के भीतर जो भी है, वह गोलियों से मर सकता है और इसके नतीजों से बचने के कदम उठाता, लेकिन इस मामले में आरोपी ऐसा करने में विफल रहा।'
जज द्वारा फैसला सुनाए जाते वक्त पिस्टोरियस सामने टकटकी लगाए रहे और उनके चेहरे पर कोई भाव नहीं थे, हालांकि दीर्घा से स्टीनकेंप के दोस्तों के सिसकने की आवाजें आ रही थीं। जज अगले कुछ सप्ताह में पिस्टोरियस को सजा सुनाएंगी। गैर-इरादतन हत्या के मामले में कोई अनिवार्य सजा नहीं है लिहाजा मासिपा को सजा के बारे में निर्णय करते समय अपने विवेकाधिकार का इस्तेमाल करना होगा। पिस्टोरियस को अधिकतम 15 साल की भी जेल हो सकती है। हालांकि कुछ कानून विशेषज्ञ मान रहे हैं कि उन्हें पांच साल जेल की सजा सुनाई जाएगी।
इससे पहले, कानून के विशेषज्ञों ने पिस्टोरियस को हत्या का दोषी करार नहीं दिए जाने पर हैरानी जताई है। यूनिवर्सिटी के अपराध कानून के प्रोफेसर जेम्स ग्रांट ने कहा कि राज्य पक्ष को यदि फैसले में कानूनी गलती नजर आती है तो इसके खिलाफ अपील की जा सकती है।