फ्रेंच ओपनः इस बार लाल बजरी के बादशाह के सामने होंगी कई चुनौतियां
शीर्ष टेनिस खिलाड़ी रविवार से रोलां गैरां की लाल बजरी पर साल का दूसरा ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के लिए जोर आजमाइश करेंगे। पुरुष वर्ग में 17 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन रोजर फेडरर, 14 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन राफेल नडाल और आठ बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविक खिताब के दावेदारों
पेरिस। शीर्ष टेनिस खिलाड़ी रविवार से रोलां गैरां की लाल बजरी पर साल का दूसरा ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के लिए जोर आजमाइश करेंगे। पुरुष वर्ग में 17 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन रोजर फेडरर, 14 बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन राफेल नडाल और आठ बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविक खिताब के दावेदारों में शुमार हैं। इनके अलावा एंडी मरे और स्टानिस्लास वावरिंका भी दौड़ में हैं।
लाल बजरी के बादशाह नडाल रिकॉर्ड दसवीं बार खिताब जीतने उतरेंगे। उन्हें यहां एक बार सिर्फ 2009 में हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इस बार नडाल की राह आसान नहीं होने वाली। इस सत्र में उनका प्रदर्शन काफी खराब रहा है। क्लेकोर्ट पर पांच बार उन्हें शिकस्त का सामना करना पड़ा है। इस कारण ही उन्हें टूर्नामेंट में छठी वरीयता दी गई है। यह स्पेनिश खिलाड़ी अपने अभियान की शुरुआत फ्रांस के वाइल्ड कार्डधारक क्विंटिन हालीज के खिलाफ करेंगे। वहीं दुनिया के नंबर एक सर्बिया खिलाड़ी को पहला मुकाबला फिनलैंड के अनुभवी जाकरे नेमीनेन से खेलना है। जोकोविक पहली बार यहां चैंपियन बनने का सपना संजोए हैं। वह दो बार 2012 और 2014 में फाइनल में पहुंचे और दोनों ही बार नडाल ने उन्हें हराया। इस बार यह दोनों क्वार्टर फाइनल में भिड़ सकते हैं। दुनिया के नंबर दो स्विस खिलाड़ी फेडरर पहले दौर में क्वालीफायर से खेलेंगे।
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
शारापोवा-सेरेना को भी मिलेगी कड़ी टक्कर:
महिलाओं में शीर्ष वरीय सेरेना विलियम्स को अंतिम आठ से पहले ही मुश्किल प्रतिद्वंद्वियों से जूझना होगा। अमेरिकी खिलाड़ी अपने अभियान की शुरुआत क्वालीफायर खिलाड़ी के खिलाफ करेंगी। उन्हें तीसरे दौर में अपनी पुरानी प्रतिद्वंद्वी विक्टोरिया अजारेंका से और फिर अंतिम 16 में अपनी बड़ी बहन वीनस का सामना करना पड़ सकता है। गत चैंपियन और दूसरी वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी मारिया शारापोवा को शुरू में एस्तोनिया की काइया कानेपी की चुनौती से जूझना पड़ेगा।
पहली बार ग्रैंडस्लैम में उतरेगी सनिया-हिंगिस की जोड़ी
दुनिया की नंबर एक महिला डबल्स टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा अपना पहला डबल्स महिला ग्रैंडस्लैम खिताब जीतने के लिए कोर्ट में उतरेंगी। भारतीय टेनिस सनसनी सानिया पहली बार मार्टिना हिंगिस के साथ किसी ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट में खेल रही हैं। दुनिया की नंबर एक इंडो-स्विस जोड़ी को खिताब का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। वहीं पुरुषों के डबल्स वर्ग में रोहन बोपन्ना अपने जोड़ीदार फ्लोरिन मर्जिया के साथ चुनौती पेश करेंगे।