मैक्लॉड रसेल टूर गोल्फ: दूसरे स्थान पर पहुंचे राशिद खान
दिल्ली के गोल्फर राशिद खान ने मैक्लॉड रसेल टूर चैंपियनशिप के दूसरे दौर में शुक्रवार को नौ अंडर 63 का शानदार कार्ड बनाया। दूसरे दौर के बाद राशिद संयुक्त 14वें स्थान से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। राशिद का कुल स्कोर दस अंडर 134 हो गया है।
कोलकाता। दिल्ली के गोल्फर राशिद खान ने मैक्लॉड रसेल टूर चैंपियनशिप के दूसरे दौर में शुक्रवार को नौ अंडर 63 का शानदार कार्ड बनाया। दूसरे दौर के बाद राशिद संयुक्त 14वें स्थान से दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। राशिद का कुल स्कोर दस अंडर 134 हो गया है।
इसके साथ ही दो बार के एशियन टूर विजेता राशिद खान (71-63) ने रॉयल कोलकाता गोल्फ कोर्स पर अमेरिका के एडवर्ड फ्रायट और अर्जुन अटवाल के कोर्स रिकॉर्ड की भी बराबरी की। फ्रायट ने 1997 और अटवाल ने 2001 में यहां नौ अंडर 63 का कार्ड खेला था।
जम्मू के शुभांकर शर्मा ने दूसरे दौर में तीन अंडर 69 का कार्ड खेलते हुए अपनी शीर्ष बढ़त बरकरार रखी है। शुभांकर का कुल स्कोर 11 अंडर 133 हो गया है और उनके पास एक शॉट की बढ़त है। बेंगलूर के एस चिक्कारंगप्पा नौ अंडर 135 के स्कोर के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। अर्जुन अटवाल ने 66 का कार्ड खेला और संयुक्त 22वें स्थान से छठे नंबर पर पहुंच गए हैं। उनका कुल स्कोर छह अंडर 138 हो गया है।