डेविस कपः भारत वर्ल्ड ग्रुप प्ले ऑफ में पहुंचा
सोमदेव देववर्मन के बाद युकी भांबरी ने रविवार को एशिया ओसियाना ग्रुप एक डेविस कप मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ रिवर्स सिंगल्स जीतकर 3-2 की जीत के साथ भारत को वर्ल्ड ग्रुप प्ले ऑफ में जगह दिलाई।
क्राइस्टचर्च। सोमदेव देववर्मन के बाद युकी भांबरी ने रविवार को एशिया ओसियाना ग्रुप एक डेविस कप मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ रिवर्स सिंगल्स जीतकर 3-2 की जीत के साथ भारत को वर्ल्ड ग्रुप प्ले ऑफ में जगह दिलाई।
युकी ने अपने करियर में पहली बार निर्णायक पांचवां मैच जीतकर भारत को जीत का तोहफा दिया। युकी ने माइकल वीनस को सीधे सेटों में 6-2, 6-2, 6-3 से हराया, जबकि इससे पहले सोमदेव ने दिन के पहले मैच में मार्कस डेनियल को दो घंटे, 18 मिनट में 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर भारत को बराबरी दिलाई थी।
खेल जगत की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें
सोमदेव रविवार सुबह जब कोर्ट पर उतरे तो भारत के लिए यह करो या मरो का मुकाबला था और देश के नंबर एक सिंगल्स खिलाड़ी ने निराश नहीं किया और टीम की उम्मीदों को बरकरार रखा। न्यूजीलैंड के लिए बुरी खबर यह रही है कि उसके अग्रणी सिंगल्स खिलाड़ी जोस स्टेथम बीमार हो गए। स्टेथम को ही हराकर भांबरी ने भारत को बराबरी दिलाई थी। स्टेथम की जगह डेनियल ने ली, लेकिन वह सोमदेव के आगे नहीं टिक सके। सोमदेव ने डेविस कप में 13वीं जीत हासिल की।
करियर में सिर्फ दूसरी बार पांचवें और निर्णायक मुकाबले में खेल रहे युकी ने इसके बाद वीनस के खिलाफ दबदबा बनाते हुए आसान जीत दर्ज की। पिछले साल सितंबर में बेंगलुरु में वह सर्बिया के फिलिप क्राजिनोविच के खिलाफ निर्णायक पांचवां मैच हार गए थे। वीनस ने मुकाबले के पहले मैच में सोमदेव को हराकर उलटफेर किया था। दिल्ली के 23 साल के युकी भारत की जीत के हीरो रहे। उन्होंने अपने दोनों सिंगल्स मुकाबले जीते। यह भांबरी की डेविस कप में नौवीं जीत है।
भारत ने शुक्रवार को पहला सिंगल्स मुकाबला हारने के बाद दूसरा सिंगल्स मैच जीतकर 1-1 की बराबरी की थी, लेकिन शनिवार को डबल्स मुकाबला हारकर भारत एक बार फिर 1-2 से पीछे हो गया था। भारत के लिए रोहन बोपन्ना और साकेत मायनेनी अनपेक्षित तौर पर डबल्स मुकाबला हार गए थे।
इसके साथ भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत हार के अपने रिकॉर्ड को 5-3 कर लिया है। भारत ने कीवी टीम पर लगातार पांच जीत हासिल की हैं। भारत बीते साल वर्ल्ड ग्रुप प्लेऑफ में पहुंचा था। उसे हालांकि सितंबर में सर्बिया के हाथों 2-3 से हार मिली थी।