अपने शॉट की 70 लाख बार प्रैक्टिस कर चुका हूं, बदल दिया है ट्रेनिंग का तरीका: पेस
लिएंडर पेस ने कहा है कि अब वह 20 साल पहले की तरह प्रैक्टिस नहीं करते हैं।
पुणे (पीटीआइ)। अपने स्ट्रोक्स की 70 लाख से ज्यादा बार प्रैक्टिस करने और सख्त डाइट के बूते 25 साल लंबा करियर चलाने वाले लिएंडर पेस ने अपनी प्रैक्टिस करने का तरीका बदल दिया है। पेस ने कहा है कि अब वह 20 साल पहले जैसी प्रैक्टिस नहीं करते हैं। पेस की उम्र 43 साल हो चुकी है।
पेस ने अपने लिए नया लक्ष्य रखा है और यह है 20 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतना। पेस को अपने लंबे करियर में कभी भी गंभीर चोट के चलते लंबे समय तक बाहर नहीं बैठना पड़ा। हां, छोटी-मोटी चोटें इसका अपवाद हैं। वह कड़ी मेहनत से खुद को अपनी उम्र से जवान बनाए रखते हैं और साल-दर-साल खेलते ही जा रहे हैं।
उन्होंने कहा है कि वह 20 साल पहले रोज 50-75 सर्व किया करते थे। इसमें कभी एड कोर्ट पर किक सर्व, कभी स्लाइस सर्व, कभी टी से शार्प सर्व और कभी लो बैकहैंड वॉली की प्रैक्टिस शामिल रहती थी। पेस ने कहा है, 'मैंने ये सब चीजें 30 लाख बार की हैं। इसलिए मेरे शरीर को ये सारे शॉट याद हैं। जब भी मैं दवाब में खेलता हूं तो ये शॉट अपने आप सामने आ जाते हैं।' पेस अब अपने आप को ज्यादा खेलने से होने वाली चोट से बचाने की कोशिश करते हैं।
पेस ने कहा है कि वह पहले रोज सात घंटे प्रैक्टिस करते थे और अब वह लोअर बैक, घुटने और रोटेटर कफ में होने वाली चोट से बचने के लिए कम समय कोर्ट में बिताते हैं। पेस ने बताया कि उनके पिता उनकी फिटनेस देखते हैं और हर तीन महीने में उनका फिटनेस चार्ट बदल जाता है। पेस के पिता एक डॉक्टर और एथलीट रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि शाकाहारी बनने से उनकी फिटनेस पर फर्क पड़ा है।