हॉकी वर्ल्ड लीग: न्यूजीलैंड से भी हारा भारत
भारतीय टीम को हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल्स टूर्नामेंट में लगातार दूसरी पराजय का सामना करना पड़ा। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में शनिवार को सरदार सिंह की नेतृत्व वाली मेजबान टीम न्यूजीलैंड के सामने बौनी नजर आई। न्यूजीलैंड हर क्षेत्र में भारी साबित हुआ और उसने भारतीय टीम को 3-1 से मात दी।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भारतीय टीम को हॉकी वर्ल्ड लीग फाइनल्स टूर्नामेंट में लगातार दूसरी पराजय का सामना करना पड़ा। मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में शनिवार को सरदार सिंह की नेतृत्व वाली मेजबान टीम न्यूजीलैंड के सामने बौनी नजर आई। न्यूजीलैंड हर क्षेत्र में भारी साबित हुआ और उसने भारतीय टीम को 3-1 से मात दी। इस हार के चलते भारत की टूर्नामेंट में आगे की राह मुश्किल हो गई है।
पहले मैच में जर्मनी के हाथों 1-6 से हारने के बाद न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ शानदार वापसी की। जबकि पहले मैच में इंग्लैंड से हार झेलने वाली भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ भी बेबस नजर आई। खेल खत्म होने से तीन मिनट पहले तक न्यूजीलैंड 3-0 से आगे चल रहा था। गनीमत है कि 68वें मिनट में मनदीप सिंह ने मैदानी गोलकर हार का अंतर कुछ कम किया। स्थिति यह है कि दो मैचों में भारतीय टीम मात्र एक गोल कर पाई है।
न्यूजीलैंड के शिया मैक्लीस ने मैच शुरू होने के 30 सेकेंड (पहले मिनट) के अंदर गोलकर टीम को 1-0 से बढ़त दिला दी। शुरुआती क्षणों में भारत को दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले, जिस पर वीआर रघुनाथ और रूपिंदर पाल सिंह गोल नहीं कर पाए। 40वें व 50वें मिनट में स्टीफन जेनेस ने गोल कर टीम को 3-0 से बढ़त दिला दी। भारत के मुख्य कोच टेरी वाल्श ने कहा, 'टीम का प्रदर्शन निराशाजनक रहा। पहले मैच में मिली हार के बाद खिलाड़ियों का मनोबल टूट गया है।'
इंग्लैंड ने अपना विजय अभियान जारी रखा। उसने एक रोचक मुकाबले में ओलंपिक चैंपियन और विश्व की नंबर एक टीम जर्मनी को 2-1 से मात देकर सभी को चौंका दिया। एक अन्य मैच में अर्जेटीना ने बेल्जियम को 3-2 से हराकर टूर्नामेंट में लगातार दूसरी जीत दर्ज की। वहीं नीदरलैंड्स ने ऑस्ट्रेलिया को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट में पहली जीत दर्ज की। इंग्लैंड छह अंकों के साथ पूल 'ए' में शीर्ष पर है। जर्मनी और न्यूजीलैंड के तीन-तीन अंक है। भारत खाता भी नहीं खोल पाया है। सोमवार को भारत का मुकाबला विश्व की नंबर एक टीम जर्मनी से होगा।
भनोट के आने पर विवाद :
राष्ट्रमंडल खेल घोटाले में आरोपी और भारतीय ओलंपिक संघ के पूर्व सचिव ललित भनोट ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर मैच शुरू कराया। इसके चलते विवाद भी खड़ा हो गया है। कहा जा रहा है कि वह दिल्ली ओलंपिक संघ के भी सचिव हैं। इस नाते वह मैच में पहुंचे थे।
खेल से जुड़ी अन्य खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर