जीव मिल्खा ने 2008 के बाद जीता खिताब
भारतीय गोल्फर जीव मिल्खा सिंह ने इटली के प्रतिद्वंद्वी फ्रांसेस्को मोलीनारी को प्ले ऑफ में हराकर स्कॉटिश ओपेन खिताब जीत लिया। इसके साथ जीव ने अगले सप्ताह होने वाले ब्रिटिश ओपेन के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
इंवरनेस [स्कॉटलैंड]। भारतीय गोल्फर जीव मिल्खा सिंह ने इटली के प्रतिद्वंद्वी फ्रांसेस्को मोलीनारी को प्ले ऑफ में हराकर स्कॉटिश ओपेन खिताब जीत लिया। इसके साथ जीव ने अगले सप्ताह होने वाले ब्रिटिश ओपेन के लिए भी क्वालीफाई कर लिया।
उन्होंने टूर्नामेंट के आखिरी दिन संयुक्त 16वें स्थान से शुरुआत करते हुए बोगी रहित पांच अंडर 67 का स्कोर बनाकर बढ़त हासिल कर मोलीनारी के साथ प्ले ऑफ में खेलने का अधिकार हासिल किया। प्ले ऑफ के पहले होल में जीव ने 15 फीट से बर्डी लगाई, जबकि मोलीनारी 25 फीट से चूक गए। इससे पहले जीव ने शुरुआती छह होल में चार बर्डी लगाई। जिसके बाद उन्होंने 18वें होल में बर्डी सहित आठ पार लगाए। 2008 के बाद जीव का यह पहला खिताब है।
जीत के बाद जीव ने कहा, 'यह शानदार जीत है। मुझे इसके लिए एक घंटा इंतजार करना पड़ा। प्ले ऑफ में मोलीनारी के खिलाफ खेलना चुनौतीभरा था। मुझे लगा कि मेरा प्ले ऑफ में जगह बनाने का ज्यादा मौका नहीं है। यह सब अचानक हो गया। जीतना काफी सुखद है।' ब्रिटिश ओपेन के लिए क्वालीफाई करने वाले जीव दूसरे भारतीय गोल्फर हैं। इससे पहले अर्निबान लाहिड़ी इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं। टूर्नामेंट में एक अन्य भारतीय गोल्फर एसएसपी चौरसिया आखिरी राउंड के बाद 72 का कार्ड बनाकर संयुक्त 11वें स्थान पर रहे। अवंता मास्र्ट्स के बाद चौरसिया का यह सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर