हॉकी वर्ल्ड लीग : भारत ने पोलैंड को 3-0 से हराया
भारतीय पुरुष टीम ने मंगलवार को हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल्स के पूल 'ए' में पोलैंड को 3-0 से हरा दिया। टूर्नामेंट में सरदार सिंह की अगुआई वाली भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में फ्रांस को 3-2 से मात दी थी।
एंटवर्प (बेल्जियम)। भारतीय पुरुष टीम ने मंगलवार को हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) सेमीफाइनल्स के पूल 'ए' में पोलैंड को 3-0 से हरा दिया। टूर्नामेंट में सरदार सिंह की अगुआई वाली भारतीय टीम की यह लगातार दूसरी जीत है। उसने पहले मैच में फ्रांस को 3-2 से मात दी थी।
भारत को मैच में तीन पेनाल्टी कॉर्नर हासिल हुए, लेकिन जीत उसे मैदानी गोलों ने दिलाई। भारत के लिए ये गोल युवराज वाल्मीकि, कप्तान सरदार सिंह और देविंदर वाल्मीकि ने दागे। मैच का पहला क्वार्टर लगभग नीरस रहा, जिसमें कोई भी टीम एक भी आक्रमण नहीं कर पाई और न ही एक भी पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर सकी।
दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने आक्रमण की गति बढ़ा दी। इस बीच पोलैंड ने 21वें मिनट में पहला पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, लेकिन दिग्गज गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने इसका खूबसूरती से बचाव किया। इसके ठीक बाद भारतीय टीम ने पलटवार किया। गोल की ओर बीरेंद्र लकड़ा के दमदार शॉट को युवराज ने बेहद फुर्ती से दिशा देकर भारत को 23वें मिनट में 1-0 से बढ़त दिला दी।
मध्यांतर से ठीक पहले भारत अपना पहला पेनाल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रहा, लेकिन मनप्रीत सिंह के शॉट को पोलैंड के गोलकीपर ने बचा लिया। पहले हाफ मेंभारतीय टीम मैदान पर दबदबा बनाए रखने में सफल रही। मध्यांतर के बाद तीसरे क्वार्टर में भी भारतीय दबदबा बना रहा और कप्तान सरदार ने 38वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया।
भारतीय खिलाड़ी इस अवसर को भी नहीं भुना सके। सरदार ने कुछ ही देर बाद शानदार हमला किया और कई खिलाडि़यों को छकाते हुए पोलैंड के डी में प्रवेश करने के बाद दमदार शॉट के जरिये 42वें मिनट में भारत के लिए दूसरा गोल किया। पोलैंड के लाख प्रयास के बावजूद भारतीय रक्षापंक्ति ने उन्हें हावी नहीं होने दिया।
52वें मिनट में चिकलेनसेना सिंह के तेज शॉट को डी के अंदर मौजूद देविंदर ने कुशलतापूर्वक गोल की दिशा देकर भारत के लिए तीसरा गोल दाग दिया। देविंदर का टूर्नामेंट में यह दूसरा गोल है। भारतीय टीम अब शुक्रवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान का सामना करेगी। दिन के एक अन्य मैच में ग्रेट ब्रिटेन को उसके पड़ोसी आयरलैंड ने 2-2 से बराबरी पर रोक दिया।