पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी धनराज पिल्लै ने पाक खिलाड़ियों का समर्थन किया
भारतयी हॉकी टीम के पूर्व कप्तान धनराज पिल्लै ने कहा कि हॉकी इंडिया लीग (एचआइएल) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की भागीदारी होनी चाहिए। इसके अलावा एचआइएल के अधिकारियों को कुछ पैसा बचाकर देश में अकादमियां स्थापित करने के साथ खेल के स्तर को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
बेंगलुरू। भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान धनराज पिल्लै ने कहा कि हॉकी इंडिया लीग (एचआइएल) में पाकिस्तानी खिलाड़ियों की भागीदारी होनी चाहिए। इसके अलावा एचआइएल के अधिकारियों को कुछ पैसा बचाकर देश में अकादमियां स्थापित करने के साथ खेल के स्तर को सुधारने पर ध्यान देना चाहिए।
पिल्लै ने कहा कि हॉकी इंडिया को राजनेताओं से बात कर पाकिस्तानी खिलाड़ियों की एचआइएल में हिस्सेदारी के लिए अनुमति लेनी चाहिए। मुझे नहीं लगता है कि इस मामले में कोई परेशानी आएगी। पिल्लै ने कहा कि पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने चैंपियंस ट्रॉफी सेमीफाइनल में भारत पर जीत के बाद अपने खराब व्यवहार के लिए माफी नहीं मांगी, इस वजह से उन्हें एचआइएल में खेलने से प्रतिबंधित किया गया है। खेल में ऐसा कई बार हो जाता है, लेकिन यह मामला सुलझ सकता था यदि महासंघों ने राजनीतिज्ञों से चर्चा की होती।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआइएच) ने पिछले वर्ष 14 दिसंबर को भारत के खिलाफ मैच के बाद अभद्र व्यवहार के लिए दो पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर एक-एक मैच का प्रतिबंध लगाया था। रोमांचक मैच में भारत पर जीत के बाद कई पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने शर्ट निकालकर डांस करते हुए हवा में लहराए थे और अभद्र इशारे किए थे।