राफेल नडाल की कप्तानी में स्पेनिश दल भारत पहुंचा
भारत को हराने के लिए स्पेन को अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की जरूरत नहीं थी, लेकिन डेविस कप के विश्व ग्रुप के मुकाबले को बेहद गंभीरता से वे 20 सदस्यीय मजबूत दल के साथ भारत पहुंचे
नई दिल्ली, प्रेट्र। भारत को हराने के लिए स्पेन को अपने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की जरूरत नहीं थी, लेकिन डेविस कप के विश्व ग्रुप के मुकाबले को बेहद गंभीरता से वे 20 सदस्यीय मजबूत दल के साथ भारत पहुंचे। इनमें एक डॉक्टर, दो फिजियो के अलावा सभी खिलाड़ियों के निजी ट्रेनर भी शामिल हैं। विश्व के नंबर चार खिलाड़ी राफेल नडाल की कप्तानी में सोमवार सुबह स्पेनिश दल यहां पहुंचा और शाम को वे कोर्ट पर अभ्यास करते हुए नजर आए।
नडाल और डेविड फेरर को करीब डेढ़ घंटे तक कोर्ट पर पसीना बहाते हुए देखने से यह सहज अंदाजा लगाया जा सकता है कि भारतीय खिलाड़ियों के लिए चुनौती बेहद मुश्किल होगी। वे गेंद का इस तरह हिट कर रहे थे जैसा आमतौर पर अभ्यास के दौरान देखने को नहीं मिलता है।
भारत से मुकाबले के बारे में पूछने पर नडाल ने कहा, ‘मैं अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहा हूं और यह हमेशा मुझे खास प्रेरणा देता है। जब आप घर पर नहीं खेल रहे होते हो तो हमेशा मुकाबला मुश्किल होता है। वे अपने घर में, अपने दर्शकों के सामने और अपनी चुनी हुई परिस्थितियों में खेलेंगे। शीर्ष 100 में हमारे कई अच्छे खिलाड़ी हैं। विश्व ग्रुप में नहीं होना हमारे लिए बहुत मुश्किल था। विश्व ग्रुप में लौटने के बाद अब हम यहां से आगे के बारे में सोच रहे हैं।’