मैरीकॉम ने वर्ल्ड हॉकी लीग सेमीफाइनल से पहले बढ़ाया महिला टीम का हौसला
मैरी कॉम ने हॉकी खिलाड़ियों को बताया कि मानसिक तैयारियां कैसे महत्वपूर्ण होती हैं।
नई दिल्ली, पीटीआइ। अपने चमकदार करियर में एमसी मैरीकॉम को कई बार विषम परिस्थितियों से जूझना पड़ा और उन्होंने भारतीय महिला हॉकी टीम को भी कभी हार नहीं मानने का संदेश दिया जो लंदन में 2018 में होने वाले विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने के अपने अभियान की शुरुआत करने वाली है।
पांच बार की विश्व चैंपियन और लंदन ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता मैरीकॉम ने आठ से 23 जुलाई के बीच जोहानिसबर्ग में होने वाले एफआइएच हॉकी विश्व लीग सेमीफाइनल की तैयारियों में लगी भारतीय महिला हॉकी टीम के साथ कुछ समय बिताया।
भारतीय महिला हॉकी टीम के मुख्य कोच मगये शूअर्ड ने कहा कि हम इस प्रतियोगिता के लिए खुद को तैयार करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। यहां तक कि हमारा मैरीकॉम के साथ लंबा प्रेरणादायी सत्र रहा। यह लड़कियों के लिये हैरानी भरा था लेकिन उन्होंने इसे काफी पसंद किया। भारतीय महिला टीम को विश्व में तीसरे नंबर के अर्जेंटीना, विश्व में छठे नंबर के अमेरिका, मेजबान दक्षिण अफ्रीका और चिली के साथ पूल बी में रखा गया है।
भारत को विश्व कप के लिए क्वालीफाइ करने के लिए शीर्ष पांच में जगह बनानी होगी। उन्होंने कहा कि मेरी ने सत्र के दौरान लड़कियों को अपनी कहानी बतायी।
उन्होंने उन सभी कठिनाइयों का जिक्र किया जिनका उन्होंने सामना किया। उन्होंने बताया कि मानसिक तैयारियां कैसे महत्वपूर्ण होती हैं। यह वास्तव में प्रेरणादायी सत्र रहा।