बेंगलूर का दामन छोड़ मुंबई इंडियंस से जुड़ेंगे जंबो
पूर्व कप्तान अनिल कुंबले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर का दामन छोड़ कर अब मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ने जा रहे हैं। मुंबई इंडियंस ने आइपीएल के छठे संस्करण की शुरुआत से पूर्व पूर्व क्रिकेटर को मुख्य मेंटर नियुक्त किया है। कुंबले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी व मेंटर शॉन पोलाक की जगह लेंगे।
मुंबई। पूर्व कप्तान अनिल कुंबले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर का दामन छोड़ कर अब मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ने जा रहे हैं। मुंबई इंडियंस ने आइपीएल के छठे संस्करण की शुरुआत से पूर्व पूर्व क्रिकेटर को मुख्य मेंटर नियुक्त किया है। कुंबले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी व मेंटर शॉन पोलाक की जगह लेंगे।
पोलाक ने 2008 में मुंबई के लिए बतौर खिलाड़ी खेलना शुरू किया था और बाद में वह टीम के मेंटर बन गए। कुंबले टेस्ट और वनडे क्रिकेट दोनों में भारत की ओर से सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले गेंदबाज हैं। अपनी नियुक्ति पर कुंबले ने एक बयान में कहा, 'मुंबई इंडियंस काफी प्रतिस्पर्धी आइपीएल टीम है जिसमें काफी बड़े खिलाड़ी और प्रतिबद्ध मालिक हैं। मुख्य मेंटर के रूप में टीम से जुड़ना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं अपनी नई जिम्मेदारी को लेकर उत्सुक हूं।' कुंबले इससे पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलूर [आरसीबी] के मुख्य मेंटर थे।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने के मामले में तीसरे पायदान पर काबिज कुंबले ने पिछले साल अक्टूबर में आइसीसी की तकनीकी समिति के प्रमुख के तौर पर कार्यभार संभाला था। वह इससे पूर्व आइपीएल में पिछले पांच सालों में पहले खिलाड़ी बाद में मेंटर के रूप में जुड़े रहे। आरसीबी ने भी बताया कि फ्रेंचाइजी और कुंबले दोनों तत्काल प्रभाव से अलग होने पर सहमत हो गए हैं। आरसीबी के मालिक विजय माल्या ने कहा, 'अनिल बतौर कप्तान, मुख्य मेंटर और सलाहकार के रूप में आरसीबी की मुख्य पूंजी थे। उन्होंने टीम को आकार दिया और अपनी अनोखी सोच और दृढ़ निश्चय के दम पर बेहतरीन टीम का निर्माण किया।'
मुंबई इंडियंस हरभजन सिंह की अनुपस्थिति में रोहित शर्मा को कप्तान बना सकती है। मुंबई इंडियंस मात्र एक बार 2010 में आइपीएल के फाइनल में पहुंची थी लेकिन उसे वहां चेन्नई सुपर किंग्स के हाथों हार का मुंह देखना पड़ा था। हालांकि 2011 में इस टीम ने चैंपियंस लीग का खिताब जीता था। वहीं टीम के कोच रहे रॉबिन सिंह अमेरिकी टीम के मुख्य कोच बनकर चले गए हैं।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर