Agra News: बिना बैंड बाजे की बरात ने कराई दूल्हे की किरकिरी, एडवांस लेकर नहीं पहुंचा बैंड, मुकदमा हुआ दर्ज
Agra Crime News आगरा में बिन बैंड-बाजे गए दूल्हा और बराती बैंड संचालक पर अभियोग दर्ज। सिकंदरा निवासी युवक की 10 मई को गई थी बरात। बैंड प्रोपराइटर पर दर्ज कराया अभियोग। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
आगरा, जागरण संवाददाता। पेशगी लेने के बाद भी बैंड समय पर नहीं पहुंचा। दूल्हा-बराती बिन बैंड-बाजे बरात लेकर गए। इससे समाज में उनकी प्रतिष्ठा धूमिल हुई। मामले में बैंड के प्रोपराइटर के खिलाफ ट्रांस यमुना थाने में अभियोग दर्ज किया गया है।
10 मई को थी शादी
कटरा वजीर खां निवासी नितिन कुमार ने अभियोग दर्ज कराया है। नितिन के अनुसार उनके साले मनीष सोलंकी की 10 मई को शादी थी। जिसके लिए उन्होंने पेठा नगरी कालिंदी विहार में स्थित सूरज बैंड को बुक किया था। उसके प्रोपराइटर भूपेंद्र कुमार नागर को 23 हजार रुपये पेशगी दिए थे। बरात के दिन 10 मई काे बैंड नहीं पहुंचा। फोन पर संपर्क किया तो भूपेंद्र कुमार टालमटोल करता रहा। जिसके चलते दूल्हे को बिना बैंड-बाजे के ही बरात लेकर जानी पड़ी। जिससे रिश्तेदारों और दोस्तों में उसकी प्रतिष्ठा खराब हुई।
पेशगी की रकम देने से किया इनकार
उसने प्रोपराइटर से पेशगी में दी रकम मांगी तो मना कर दिया। नितिन का आरोप है कि प्राेपराइटर कई अन्य लोगों के साथ इसी तरह धोखाधड़ी कर चुका है। वह दुकान बंद करके गायब हो गया है। इंस्पेक्टर थाना ट्रांस यमुना आनंद प्रकाश ने बताया कि नितिन कुमार की तहरीर पर अभियोग दर्ज किया गया है।