बंगाल में शख्स ने मरकर भी बचाई चार लोगों की जिंदगी; दिल, किडनी और लिवर किए गए प्रत्यारोपि
बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले के निवासी सौमेन भद्र मरने के बाद भी चार लोगों को नई जिंदगी दे गए हैं। डॉक्टरों की ओर से उन्हें ब्रेन डेड घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिवार ने उनके अंगों को दान करने का फैसला किया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के पूर्व बर्द्धमान जिले के निवासी सौमेन भद्र मरने के बाद भी चार लोगों को नई जिंदगी दे गए हैं। सौमेन को सेरेब्रल स्ट्रोक हुआ था। छह दिन बाद डॉक्टरों की ओर से उन्हें 'ब्रेन डेड' घोषित कर दिया गया। इसके बाद परिवारवालों ने उनके अंगों को दान करने का फैसला किया।
दिल, किडनी और लिवर किए गए प्रत्यारोपित
उनके पार्थिव शरीर से दिल, दो किडनी और लिवर को निकाल लिया गया। एसएसकेएम अस्पताल व अपोलो अस्पताल में भर्ती मरीजों में एक-एक किडनी का प्रत्यारोपण किया गया है। अपोलो के एक अन्य मरीज में लिवर प्रत्यारोपित किया गया है। वहीं, सौमेन का दिल पाकर आरएन टैगोर अस्पताल में भर्ती एक युवक को नया जीवन मिला है।
शख्स को पड़ा था दिमागी दौरा
परिवार से मिली जानकारी के मुताबिक, सौमेन पांच दिन पहले शाम को घर लौटकर आराम कर रहे थे। रात 11 बजे के करीब उनके सिर में असहनीय दर्द शुरू हुआ। कुछ देर बाद वह होश खो बैठे। परिवारवाले उन्हें एंबुलेंस से कालना अस्पताल ले गए। अस्पताल के डॉक्टरों ने कहा कि बहुत बड़ा दिमागी दौरा पड़ा है। जल्द से जल्द बड़े अस्पताल ले जाना होगा।
डॉक्टरों ने सौमेन को किया 'ब्रेन डेड' घोषित
उन्हें वहां से कोलकाता के एक अस्पताल ले जाया गया। वहां के डॉक्टरों ने कहा कि मरीज की हालत बेहद नाजुक है। गुरुवार को डॉक्टरों ने सौमेन को 'ब्रेन डेड' घोषित कर दिया। इसके बाद परिवारवालों ने उनके विभिन्न अंगों को दान करने का फैसला किया, जिससे चार लोगों को नई जिंदगी मिली है।