हल्द्वानी::: बाथरूम में लहूलुहान मिली बुजुर्ग, मौत
कई बीमारियों से पीड़ित बुजुर्ग महिला स्वजनों को बाथरूम में लहूलुहान मिली। कुछ देर बाद उनकी मृत्यु हो गई।
हल्द्वानी::: बाथरूम में लहूलुहान मिली बुजुर्ग, मौत
जागरण संवाददाता, देहरादून: कई बीमारियों से पीड़ित बुजुर्ग महिला स्वजनों को बाथरूम में लहूलुहान मिली। स्वजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां कुछ देर बाद उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस फिलहाल मामले को आत्महत्या मान रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
थाना नेहरू कालोनी के इंस्पेक्टर मुकेश त्यागी ने बताया कि कैलाश अस्पताल से सूचना मिली थी कि 83 साल की बुजुर्ग महिला, जिसके गले व हाथ पर घाव हैं, को उनके बेटे ने भर्ती कराया था, जिनकी उपचार के दौरान मृत्यु हो गई है। पुलिस अस्पताल पहुंची तो मृतक की पहचान भुंडा बिष्ट निवासी डिफेंस कालोनी के रूप में हुई। पूछताछ में मृतका के बेटे और मर्चेंट नेवी में कैप्टन सुदर्शन ने बताया कि उनकी माता कई बीमारियों से पीड़ित थीं। इसी कारण वह कुछ समय से तनाव में थीं। बुधवार रात 12 बजे तक वह ठीक-ठाक थी। गुरुवार सुबह करीब साढ़े छह बजे जब उनके कमरे से कोई आवाज नहीं आई, तो वह कमरे में गए। कमरे में बने बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। उन्होंने दरवाजा तोड़ा तो देखा कि उनकी मां के गले और दाहिने हाथ की कलाई पर चाकू से काटने के निशान हैं। बगल में सब्जी काटने वाला चाकू भी पड़ा था। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, फिर भी घटना की जांच की जा रही है।