नई दिल्ली, लाइफस्टाइल डेस्क। कोरोना वायरस की दूसरी लहर के चलते एक बार फिर से संक्रमितों की संख्या में बड़ी तेजी से बढ़ोत्तरी होने लगी है। इससे देशभर में लॉकडाउन जैसी स्थिति पैदा हो गई है। कई शहरों में नाईट कर्फ्यू लगा दिया गया है। वहीं, कई शहरों में लॉकडाउन लगा दिया गया है। स्कूल-कॉलेजस समेत सभी सार्वजनिकों स्थलों को बंद कर दिया गया है। इसके चलते बच्चे घरों पर रहने को मजबूर हो गए हैं। बच्चे घर पर रहकर ही टाइम पास कर रहे हैं।

इस क्रम में सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देख आप हैरान हो जाएंगे। इस वीडियो में बच्चे ने मानवता की मिसाल पेश की है। इस वीडियो में साफ़ देखा जा रहा है कि एक बच्चा अपने घर में खिड़की पर खड़ा होकर खेल रहा है। तभी एक कबूतर उड़कर मुंडेर पर बैठ जाता है और इधर-उधर देखने लगता है। कबूतर के हाव-भाव से ऐसा लगता है कि कबूतर प्यासा है। बच्चा कबूतर के हाव-भाव को समझ जाता है। इसके बाद वह दौड़कर किचन में जाता है। वहां से वह एक बर्तन में पानी भरकर लाता है और खिड़की से कबूतर को पानी पिलाता है। वीडियो दिल को छूने वाला है।

इस वीडियो को भारतीय वन सेवा के अधिकारी ने शेयर किया है

इस वीडियो को भारतीय वन सेवा के अधिकारी सुशांत नंदा ने सोशल मीडिया ट्विटर पर अपने अकांउट से शेयर किया है। इस वीडियो को खबर लिखे जाने तक 36   हजार से अधिक बार देखा गया है। वहीं, तकरीबन 6 हजार लोगों ने पसंद किया है। जबकि, कुछ लोगों ने कमेंट कर बच्चे की जमकर तारीफ की है। एक युजर ने लिखा है-बच्चे मन के सच्चे, दोस्त सबसे अच्छे ....अगर भारत का एक एक नागरिक इस तरह से ख्याल करें, तो कोई भी पक्षी चिड़िया मर नहीं सकता।

Image Courtesy: यह तस्वीर ट्वीटर के अकाउंट Susanta Nanda से ली गई है।

शॉर्ट मे जानें सभी बड़ी खबरें और पायें ई-पेपर,ऑडियो न्यूज़,और अन्य सर्विस, डाउनलोड जागरण ऐप