राजकुमारियां जिन्होंने कॉमन मैन से की शादी, कुछ ने छोड़ा राजसी ठाठ-बाट
प्यार से बड़ी दौलत कोई नहीं है, इसीलिए तो शाही जिंदगी बिताने वाली जापानी राजकुमारी सहित इन शहजादियों ने आम आदमी से शादी की है।
जापानी राजकुमारी माको
चर्चा शुरू हुई जापान की राजकुमारी माको के प्यार और शादी को लेकर जो एक आम आदमी से शादी रचाने जा रही हैं। जापान के शाही परिवार के सूत्रों ने बताया है कि सम्राट अकिहितो की बड़ी पौत्री राजकुमारी माको अपने पूर्व सहपाठी केई कोमुरो से शादी रचाएंगी। केई आम नागरिक हैं, इसलिए जापान के रॉयल रूल्स के चलते राजकुमारी को शाही परिवार छोड़कर आम नागरिक की तरह जीवन बिताना होगा। राजकुमारी माको की पंसद केई कोमुरो टोक्यो के एक विधि कार्यालय में काम करते हैं। दोनों का प्यार इंटरनेशनल क्रिस्चन यूनिवर्सिटी में स्नातक तक की पढ़ाई के दौरान शुरू हुआ था। बाद में माको ने लीसेस्टर यूनिवर्सिटी से मास्टर की डिग्री ली और फिलहाल एक म्यूजियम में शोधकर्ता के तौर पर काम कर रही हैं।
स्वीडन की क्राउन प्रिंसेज विक्टोरिया
इसी तरह 1980 में स्वीडन की क्राउन प्रिंसेज घोषित की राजकुमारी विक्टोरिया ने 2010 में एक आम आदमी डेनियल वेस्लिंग से शादी की जो उनके पर्सनल ट्रेनर थे। शादी के बाद डेनियल को अपना सरनेम छोड़ना पड़ा और उन्हें ड्यूक की उपाधि दी गई। विक्टोरिया के पर्सनल ट्रेनर बनने के पहले डेनियल स्वीडन सेना में अधिकारी थे। विक्टोरिया वर्तमान राजा के बाद राजगद्दी की अधिकारी हो सकती है फिल्हाल इस सूची में उनका नंबर चौथा है।
स्वीडन की राजकुमारी मेडेलाइन .
स्वीडन की क्राउन प्रिंसेज विक्टोरिया की छोटी बहन राजकुमारी मेडेलाइन ने भी अपना जीवन साथी एक आम आदमी को ही बनाया है। उन्होंने फाइनेंस सेक्टर से जुड़े क्रिस्टोफर ओ नील से शादी की है। नील को फिलहाल स्वीडन की नागरिकता भी नहीं मिली है। दोनों ही ने अपना सरनेम नहीं बदला है पर स्वीडन अथॉरिटी का कहना है कि नील का दर्जा हमेशा आम आदमी रहेगा।
डचेज ऑफ अल्बा
वैसे सालों पहले अल्बा की राजकुमारी ने भी आम आदमी से शादी की थी। 1972 में पहले पति की मौत के बाद डचेज ने 2011 में इनसे शादी की। उनके दूसरे पति ना सिर्फ एक कॉमन मैन थे बल्कि उम्र में भी उनसे करीब 24 साल छोटे थे। इसी वजह से इस शादी को पैसे के लिए जुड़ा रिश्ता बताया गया। हालाकि बाद में इन अफवाहों पर पूर्ण विराम लग गया जब डचेज के पति ने उनकी सारी दौलत ठुकरा कर उसे पहली शादी से हुई संतानों में बांटने की घोषणा कर दी, और वाकई 2014 में डचेज की मृत्यु के बाद अल्फांजो डियाज नाम के इस शख्स को कुछ नहीं मिला।
युगांडा प्रिंसेज रूथ कोमोंटेले
युगांडा की राजकुमारी रूथ कोमोंटेले वाशिंगटन में एक अमेरिकी विश्ववि़द्यालय में पढ़ रही थीं जब उनकी मुलाकात क्रिस्टोफर थामस से हुई। क्रिस्टोफर डिज्नी चैनल में बतौर अकाउंटेंट काम करते थे। अपनी सगाई तक क्रिस्टोफर को अंदाजा नहीं था कि युगांडा के टोरो राज्य की राजकुमारी से रिश्ता बनाने का क्या मतलब है। हालाकि काफी विरोध के बाद अतत उन्हें राज्य परिवार का सदस्य स्वीकार कर लिया गया। क्रिस्टोफर प्रिंस बना दिए गए और 2012 में दोनों की शादी हो गई।
मोनाको की राजकुमारी स्टेफ़नी
मोनाको की राजकुमारी स्टेफ़नी ने भी 2003 में पुर्तगाली ट्रैपेज़ कलाकार एड्स लोपेज पेरेस से शादी की, हालाकि ये शादी चल नहीं पायी और साल 2004 में एक साल बाद ही उनका तलाक हो गया।