Sonipat: इंग्लैंड भेजने के नाम पर दो भाइयों से 15 लाख की ठगी, विदेश में नौकरी लगवाने के बहाने फंसाया
सोनीपत में दो भाइयों से उनकी विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर दो व्यक्तियों ने 15 लाख रुपये की ठगी कर दी। आरोपितों ने उन्हें न तो इंग्लैंड का वर्क वीजा दिलवाया और न ही रुपये वापस किए।
गन्नौर, संवाद सहयोगी। गांव पांची जाटान में दो भाइयों से उनकी विदेश में नौकरी लगवाने के नाम पर दो व्यक्तियों ने 15 लाख रुपये की ठगी कर दी। ठगी का शिकार हुए व्यक्ति ने थाना गन्नौर में मामले की शिकायत दी। आरोप है कि आरोपितों ने उन्हें न तो इंग्लैंड का वर्क वीजा दिलवाया और अब रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
पुलिस ने शिकायत पर दोनों आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में गांव पांची जाटान के संदीप ने बताया कि वह खेती करता है, जबकि उसका बड़ा भाई दीपक 12वीं पास है। करनाल के जभाला गांव के रहने वाले साहिल की बुआ पांची जाटान में रहती है। इस कारण साहिल का गांव में आना-जाना रहता था। इस बीच उनकी साहिल से पहचान हो गई।
नौकरी लगवाने के बहाने फंसाया
साहिल ने उन्हें बताया कि करनाल के उपलाना गांव का रहने बलजिंद्र उसका दोस्त है जो पैसे लेकर दूसरे देश में नौकरी लगवाता है। अक्टूबर, 2022 में उनकी मुलाकात बलजिंद्र से हुई और उनके बीच स्टडी वीजा पर इंग्लैंड जाने की बात हुई। नौ अक्टूबर, 2022 को उसने बैंक से चार लाख 60 हजार रुपये साहिल के खाते में आरटीजीएस किए। उसके बाद 11 नवंबर, 2022 को साहिल के नंबर पर 40 हजार गूगल पे किए।
जंगल के रास्ते भेजने की कही बात
11 नवंबर 2022 को उन्होंने बलजिंद्र के खाते में 10 लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद तीन अप्रैल, 2023 को बलजिंद्र ने उन्हें इंग्लैंड की बजाय रूस की टिकट भी भेज दी। बलजिंद्र ने उन्हें बताया कि वह जंगल के रास्ते उन्हें आगे भेज देगा, जिस पर उन्होंने वीजा के बगैर विदेश जाने से मना कर दिया।
काफी समय इंतजार के बाद भी बलजिंद्र न तो उन्हें विदेश भिजवा रहा है और न ही उनके रुपये लौटा रहा है। गन्नौर थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि पुलिस ने संदीप की शिकायत पर आरोपित साहिल व बलजिंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।