विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

YSRCP सांसद मिथुन रेड्डी के काफिले पर TDP समर्थकों का हमला, स्थानीय निकाय चुनाव का नामांकन बना जंग का अखाड़ा

Published: Fri, 16 Oct 2026 01:11 PM (IST)

आंध्र प्रदेश के पुंगनूर में स्थानीय निकाय चुनाव नामांकन के दौरान वाईएसआरसीपी सांसद पी.वी. मिथुन रेड्डी के काफिले पर टीडीपी कार्यकर्ताओं ने हमला किया।

वाईएसआरसीपी के काफिले पर हमला। (फोटो- एएनआई।)

वाईएसआरसीपी के काफिले पर हमला। (फोटो- एएनआई।)

HighLights

  1. पुंगनूर में YSRCP सांसद के काफिले पर हमला।

  2. स्थानीय निकाय चुनाव नामांकन के दौरान हुई घटना।

  3. TDP कार्यकर्ताओं पर हमले का आरोप, पुलिस पर निष्क्रियता।

डिजिटल डेस्क, पुंगनूर। आंध्र प्रदेश के पुंगनूर में वाईएसआरसीपी के लोकसभा फ्लोर लीडर और राजमपेट के सांसद पी. वी. मिथुन रेड्डी के काफिले पर हमला हुआ है। वाईएसआरसीपी ने आरोप लगाया है कि ये हमला टीडीपी कार्यकर्ताओं ने किया है और उन्होंने गाड़ियों पर पत्थर फेंके, लाठियों तथा लोहे की छड़ों से हमला किया।

यह हमला तब हुआ जब वे स्थानीय निकाय चुनावों के लिए नामांकन दाखिल करने जा रहे वाईएसआरसीपी उम्मीदवारों और नेताओं के साथ थे। टीडीपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने काफिले को रोक दिया और वाईएसआरसीपी उम्मीदवारों को नामांकन केंद्र तक पहुंचने से रोकने की कोशिश की। वाईएसआरसीपी नेताओं की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई।

वाईएसआरसीपी ने टीडीपी पर लगाया आरोप

पार्टी का कहना है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी हमलावरों को रोकने या उम्मीदवारों की सुरक्षा करने में नाकाम रहे। तिरुपति से वाईएसआरसीपी सांसद डॉ. एम. गुरुमूर्ति ने राजमपेट के सांसद पी.वी. मिथुन रेड्डी के काफिले पर हमले की निंदा की। उन्होंने टीडीपी सरकार पर आरोप लगाया कि वह अपने कार्यकर्ताओं को हिंसा करने की छूट दे रही है, ताकि विपक्षी उम्मीदवारों को चुप कराया जा सके और चुनाव प्रक्रिया में बाधा डाली जा सके।

टीटीडी ने की ये मांग

टीटीडी के पूर्व चेयरमैन भूमाना करुणाकर रेड्डी ने मांग की है कि राज्य चुनाव आयोग तुरंत हस्तक्षेप करे, पुलिस को आपराधिक मामले दर्ज करने और जिम्मेदार लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दे और उन अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करे जो हमले को रोकने में नाकाम रहे।

साथ ही उन्होंने उम्मीदवारों और उनके प्रस्तावकों के लिए सुरक्षा की मांग की है और यह सुनिश्चित करने को कहा है कि प्रभावित सभी उम्मीदवार बिना किसी रुकावट के सुरक्षित तरीके से अपना नामांकन दाखिल कर सकें।

(न्यूज एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ।)

यह भी पढ़ें: आंध्र प्रदेश सरकार को सुप्रीम कोर्ट से झटका, पिछड़े वर्ग को आरक्षण देने वाली याचिका खारिज