विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विपक्ष के जवाब में सिटिजन्स फॉर डेमोक्रेसी ने बुलाया युवाओं का मॉक पार्लियामेंट, ‘लोकतंत्र बनाम अराजकता’ विषय पर होगी चर्चा

Published: Thu, 29 Oct 2026 09:14 PM (IST)

कांग्रेस की जन सुनवाई के जवाब में 'सिटिजन्स फॉर डेमोक्रेसी' युवाओं के लिए मॉक पार्लियामेंट आयोजित कर रहा है।

विपक्ष की जन सुनवाई के जवाब में मॉक पार्लियामेंट।

विपक्ष की जन सुनवाई के जवाब में मॉक पार्लियामेंट।

HighLights

  1. विपक्ष की जन सुनवाई के जवाब में मॉक पार्लियामेंट।

  2. 'लोकतंत्र बनाम अराजकता' विषय पर होगी गहन चर्चा।

  3. युवा निभाएंगे प्रमुख राजनीतिक नेताओं की भूमिका।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्ष के जन सुनवाई के जवाब में 'सिटिजन्स फॉर डेमोक्रेसी' के बैनर तले युवाओं के मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया है। विपक्ष के जन संसद में जहां मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग का प्रस्ताव पारित होगा, वहीं युवाओं के मॉक पार्लियामेंट में ‘लोकतंत्र बनाम अराजकता’ विषय पर चर्चा होगी।

सूत्रों के अनुसार इस मॉक पार्लियामेंट में देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े युवा संसद की कार्यवाही का मंचन करेंगे और प्रमुख राजनीतिक नेताओं की भूमिका निभाते हुए हाल के दिनों में हुए राजनीतिक घटनाक्रमों तथा देश के समक्ष महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक और संवैधानिक विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।

इस का आयोजन एनडीएमसी के कन्वेंशन सेंटर में किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्र से आने वाले युवा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत सत्ता पक्ष और विपक्ष के वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं की भूमिका निभाएंगे। जहां प्रश्नों, तर्कों, प्रतितर्कों और संसदीय कार्यवाही के मंचन के माध्यम से देश के वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य को प्रस्तुत किया जाएगा।।

साथ ही लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता एवं विश्वसनीयता, संसदीय मर्यादाओं, राजनीतिक जवाबदेही, चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता तथा लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी। विपक्ष द्वारा एसआइआर और ईवीएम को लेकर लगातार उठाए जा रहे सवालों को देखते हुए माक पार्लियामेंट में विस्तार से विचार रखे जाएंगे।

इसके साथ ही चुनाव आयोग की भूमिका, वोट चोरी के आरोपों, हाल के विरोध प्रदर्शनों तथा लोकतांत्रिक असहमति और अराजकता के बीच अंतर जैसे मुद्दों को भी संसदीय बहस के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।

आयोजन से जुड़े सूत्रों के अनुसार इसका उद्देश्य युवाओं को संसदीय लोकतंत्र की कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं, संसदीय परंपराओं और राजनीतिक जवाबदेही जैसे विषयों पर सार्थक चर्चा को प्रोत्साहित करना है। इसमें भाग लेने वाले युवाओं के अलावा बड़ी संख्या में वकीलों, छात्रों, चार्टर्ड एकाउंटेंट, यूथ एक्टिविस्ट के उपस्थित रहने का भी दावा किया जा रहा है।