शारजाह में कर्नाटक के व्यक्ति की बेरहमी से हत्या, कार में बैगों से मिले शव के नौ टुकड़े
यूएई के शारजाह में जुलाई में कर्नाटक के कुंदापुर (उडुपी जिला) निवासी अल्विन प्रकाश कुंदर की निर्मम हत्या कर दी ...और पढ़ें

शारजाह में कर्नाटक के युवक की बेरहमी से हत्या, शरीर के किए 9 टुकड़े (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
अल्विन पिछले 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार को परिवार को मिली, जिसके बाद वे स्थानीय पुलिस के पास गए
पीड़ित अलविन प्रकाश कुंदर पिछले 14 वर्षों से शारजाह हवाई अड्डे पर कार्यरत थे।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शारजाह में जुलाई में कर्नाटक के कुंदापुर (उडुपी जिला) निवासी अल्विन प्रकाश कुंदर की निर्मम हत्या कर दी गई। उनके शव को नौ टुकड़ों में काटकर दो बैगों में पैक किया गया था, जो ओमान जाने वाले रास्ते पर खड़ी एक कार में मिला।
अल्विन पिछले 14 साल से शारजाह एयरपोर्ट पर काम कर रहे थे। उनके भाई अनिल प्रशांत कुंदर ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने सोमवार को उडुपी पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर मामले में कार्रवाई की मांग की है।
अल्विन की पत्नी टीना कुंदर (मूल रूप से उडुपी की हैं) शारजाह में स्कूल टीचर हैं और उनका बेटा वहां 10वीं कक्षा में पढ़ता है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक हत्या के बाद पत्नी और बेटा गायब बताए जा रहे हैं। आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
कैसे पता चला मामला
अनिल ने 20 जुलाई को अल्विन को फोन किया, लेकिन उन्होंने जवाब नहीं दिया। बजाय इसके एक मैसेज आया कि वह ठीक हैं। अनिल ने इसे असामान्य माना क्योंकि भाई कभी ऐसे मैसेज नहीं करते थे। एक हफ्ते बाद दोबारा कॉल करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद अनिल ने शारजाह में रह रहे अल्विन के सहपाठी मनोहर से संपर्क किया। मनोहर उनके फ्लैट गए तो चौकीदार ने बताया कि प्रकाश भारत चले गए हैं।
कंपनी के एचआर विभाग ने भी शुरू में यही कहा। लेकिन अगले दिन कंपनी ने पासपोर्ट चेक किया तो पता चला कि वे अभी भी शारजाह में हैं।
इसके बाद लापता व्यक्ति की शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान ओमान रूट पर खड़ी कार में उनका शव मिला, जो नौ टुकड़ों में कटा हुआ था।
परिवार का आरोप
अनिल ने कहा कि किसी के सीने में छुरा घोंपकर शव को नौ टुकड़ों में काटना अनुभवी अपराधियों का काम लगता है। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज का जिक्र करते हुए बताया कि दो पुरुष और एक महिला इमारत छोड़ते नजर आए।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट सोमवार को परिवार को मिली, जिसके बाद वे स्थानीय पुलिस के पास गए। हत्या का मकसद और आरोपी अभी स्पष्ट नहीं हैं। शारजाह पुलिस जांच कर रही है।
