विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आधार ओटीपी बना मददगार, सात महीने से अधिक समय से लापता युवती का पुलिस ने लगाया सुराग!

Published: Sat, 12 Sep 2026 06:57 AM (GMT+05:30)

बेंगलुरु पुलिस ने बताया कि 31 जनवरी को विद्यारण्यपुरा से लापता हुई युवती कनकपुरा तालुक के एक गांव में मिली। ...और पढ़ें

आधार ओटीपी की मदद से मिली सात महीने से अधिक समय से लापता युवती (सांकेतिक तस्वीर)

आधार ओटीपी की मदद से मिली सात महीने से अधिक समय से लापता युवती (सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. कनकपुरा तालुक के एक गांव में पति के साथ मिली  

  2. जनवरी में नाबालिग लड़की के साथ घर से निकली थी

पीटीआई, बेंगलुरु। कर्नाटक में सात महीने पहले लापता हुई 18 वर्षीय युवती को पुलिस ने आधार ओटीपी की मदद से आखिरकार खोज निकाला।

पुलिस ने बताया कि जनवरी में बेंगलुरु से लापता हुई युवती का पता सात महीने से ज़्यादा समय बाद इस सप्ताह की शुरुआत में आधार से जुड़े ओटीपी के जरिए लगाया गया।

पुलिस ने बताया कि 31 जनवरी को विद्यारण्यपुरा से लापता हुई युवती कनकपुरा तालुक के एक गांव में मिली। वहां वह अपने पति के साथ रह रही थी। सीआइडी के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि वह गर्भवती है।

उन्होंने और कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस के मुताबिक, युवती अपने परिवार को यह बताकर गई थी कि वह कालेज जा रही हैं। वह एक नाबालिग दोस्त के साथ घर से निकली थी।

दोनों अपने साथ केवल आधार कार्ड और कालेज बैग ले गई थीं। घर से जाते वक्त दोनों के पास मोबाइल फोन या कोई और सामान नहीं था। बाद में दोनों माले महादेश्वरा हिल्स गई और फिर अलग-अलग रास्ते पर चली गईं।

युवती के माता-पिता की ओर से दायर हेबियस कॉर्पस याचिका पर कर्नाटक हाई कोर्ट के आदेश के बाद, अप्रैल में सीआईडी ने मामले की जांच अपने हाथ में ले ली।

हेबियस कार्पस या बंदी प्रत्यक्षीकरण कहा जाता है, कानूनी रिट है जिसका अर्थ किसी व्यक्ति को पेश करना होता है। अधिकारी ने बताया कि इस सप्ताह की शुरुआत में जांचकर्ताओं को पता चला कि उसने हाल ही में अपने आधार की जानकारी का इस्तेमाल किया था और ओटीपी के लिए अपने पति का मोबाइल नंबर डाला था।

हालांकि, यह स्पष्ट नहीं था कि आधार की जानकारी का इस्तेमाल किस सेवा के लिए किया गया था। पुलिस ने कहा कि जब तक दूसरी लापता लड़की का पता नहीं चल जाता, तब तक वे जांच के बारे में और जानकारी नहीं देंगे।

पुलिस ने मोबाइल नंबर के जरिये उसके पति का पता लगाया और उससे पूछताछ करने के बाद युवती को ढूंढ निकाला।

पुलिस ने बताया कि लड़की को हाई कोर्ट में पेश करने के बाद उसके माता-पिता को सौंप दिया गया। साथ ही, पुलिस ने कहा कि उस नाबालिग लड़की का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं, जो अभी भी लापता है।